मिस यूनिवर्स 2026 का खिताब प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने जीता
मिस यूनिवर्स 2026 का विजेता घोषित
नई दिल्ली : मिस यूनिवर्स 2026 का खिताब प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने जीता है। 75वें मिस यूनिवर्स पेजेंट में उन्हें पिछले वर्ष की विजेता, मेक्सिको की फातिमा बॉश ने ताज पहनाया।
भारत की काजिया लिज मेजो ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया, लेकिन वह ताज जीतने में असफल रहीं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए टॉप-30 में जगह बनाई, लेकिन टॉप-12 में प्रवेश नहीं कर सकीं।
इस बार का आयोजन विशेष था, क्योंकि यह मिस यूनिवर्स का 75वां संस्करण था। विभिन्न देशों से आई सुंदरियों ने खिताब के लिए अपनी दावेदारी पेश की। फाइनल में जेनिफर बैरेटो ने अपने आत्मविश्वास और उत्तरों से निर्णायकों को प्रभावित किया।
प्रतियोगिता में डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज फर्स्ट रनर-अप रहीं, जबकि वेनेजुएला की क्लारा वेगास गोएट्ज ने सेकंड रनर-अप का स्थान हासिल किया। टॉप-5 में फिलीपींस, न्यूजीलैंड, वेनेजुएला, डोमिनिकन रिपब्लिक और प्यूर्टो रिको की सुंदरियां शामिल थीं।
फाइनल राउंड में टॉप-5 प्रतियोगियों से पूछा गया कि वर्तमान में दुनिया को अपने नेताओं से सबसे ज्यादा किस चीज की आवश्यकता है। जेनिफर बैरेटो ने उत्तर दिया कि दुनिया को ऐसे नेताओं की आवश्यकता है, जिनमें सहानुभूति और दूसरों को समझने की क्षमता हो। उन्होंने कहा कि आज के समय में लोग अक्सर एक-दूसरे को जज करते हैं, लेकिन एक अच्छे नेता को अपने मूल्यों पर कायम रहना चाहिए।
काजिया लिज मेजो ने इस वर्ष अगस्त में मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब जीता था, और वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली केरल की पहली महिला बनीं। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनका सफर टॉप-30 तक ही सीमित रहा।