यश ने 'रामायण: पार्ट 1' के VFX पर उठे सवालों का दिया जवाब
यश का बयान: 'रामायण' के विजुअल्स अभी फाइनल नहीं हैं
मुंबई: बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। रणबीर कपूर के भगवान राम के पहले लुक के बाद, फिल्म के वीएफएक्स को लेकर आलोचनाएं सामने आई हैं। इस पर रावण का किरदार निभाने वाले अभिनेता यश ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो विजुअल्स दर्शकों को दिखाए जा रहे हैं, वे अंतिम नहीं हैं। पूरा प्रोजेक्ट अभी 'वर्क इन प्रोग्रेस' है और फाइनल वर्जन दर्शकों को चौंका देगा।
यश ने VFX आलोचनाओं पर की चर्चा
यश ने यह बयान लॉस एंजेलिस में आयोजित सिनेमा कॉन 2026 में दिया। प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा के साथ उन्होंने अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के सामने फिल्म का प्रदर्शन किया। यह फिल्म का दूसरा बड़ा प्रमोशनल इवेंट था। इस महीने की शुरुआत में लॉर्ड राम का पहला लुक जारी किया गया था, जिसमें कुछ दृश्यों के वीएफएक्स पर प्रशंसकों ने सवाल उठाए थे। कई लोगों ने इसे 'वीडियो गेम' जैसा बताया, जबकि कुछ ने कहा कि इतने बड़े बजट और DNEG जैसे विश्वस्तरीय वीएफएक्स स्टूडियो के बावजूद विजुअल्स उतने पॉलिश्ड नहीं हैं।
एक वायरल क्लिप में यश ने मुस्कुराते हुए कहा, 'जो फोटो-रियलिस्टिक विजुअल्स आप देख रहे हैं, वे अभी भी वर्क इन प्रोग्रेस हैं। DNEG टीम इस पर काम कर रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि फिनिश्ड प्रोडक्ट और भी बेहतर होगा। हम एक टॉप-नॉच प्रोडक्ट बना रहे हैं।' उनके इस बयान पर वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं।
यश ने यह भी कहा कि फिल्म के लिए टीम का विजन स्पष्ट है और वे दर्शकों को एक यादगार अनुभव देने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। 'रामायण' का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं। रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में हैं, जबकि यश रावण का किरदार निभा रहे हैं। साई पल्लवी सीता और सनी देओल हनुमान की भूमिका में हैं। फिल्म दो भागों में रिलीज होगी।
यश ने सिनेमा कॉन में यह भी बताया कि पहले भाग में रणबीर और उनका कोई सीन साथ नहीं है। दोनों किरदार अपने-अपने लोक में दिखेंगे - राम अयोध्या में और रावण लंका में। दूसरे भाग में इनकी आमने-सामने की लड़ाई देखने को मिलेगी। यश का यह आश्वासन फैंस के लिए राहत भरा रहा। कई लोग अब कह रहे हैं कि जल्दबाजी में राय बनाने की बजाय पूरी फिल्म देखने का इंतजार करना चाहिए।
नमित मल्होत्रा की प्रोडक्शन कंपनी 'रामायण' को वैश्विक स्तर पर पेश कर रही है। फिल्म की तुलना हॉलीवुड की महाकाव्य फिल्मों जैसे 'अवतार' और 'ग्लैडिएटर' से की जा रही है। वर्तमान में फिल्म की रिलीज डेट अक्टूबर के आखिरी हफ्ते के आसपास बताई जा रही है, जो दिवाली के आसपास हो सकती है। यश और उनकी पूरी टीम इस महाकाव्य को भारतीय संस्कृति की सही मिसाल बनाना चाहती है, जिसमें इमोशंस, एक्शन और भव्य विजुअल्स का परफेक्ट मिश्रण हो। देखना होगा कि जब फिल्म पूरी तरह तैयार होकर स्क्रीन पर आएगी तो वीएफएक्स कितना प्रभावी साबित होता है।