रश्मिका मंदाना की भूमिका 'जयम्मा' पर राहुल सांकृत्यायन का खास खुलासा
फिल्म 'राणाबली' में रश्मिका का विशेष किरदार
हैदराबाद: विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की जोड़ी जब भी एक साथ आती है, दर्शकों में उत्साह बढ़ जाता है। 'गीता गोविंदम' और 'डियर कॉमरेड' में उनकी केमिस्ट्री के बाद, फैंस अब उनकी नई फिल्म 'राणाबली' का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
इस फिल्म में रश्मिका का किरदार बेहद खास बताया जा रहा है। फिल्म के लेखक और निर्देशक राहुल सांकृत्यायन ने इस किरदार के बारे में एक दिलचस्प जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि रश्मिका के किरदार का नाम 'जयम्मा' उनकी मां के नाम पर रखा गया है।
राहुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रश्मिका के हिस्से की शूटिंग पूरी होने की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, 'जब मैंने 'राणाबली' की कहानी लिखी, तो मुझे अपनी पुरानी यादों में खो जाने का अनुभव हुआ। जब मैंने फिल्म की महिला मुख्य किरदार को लिखना शुरू किया, तो मैंने एक गहरा व्यक्तिगत जुड़ाव महसूस किया। मैंने इस किरदार का नाम अपनी मां के नाम पर 'जयम्मा' रखा।'
उन्होंने आगे कहा, 'जयम्मा के किरदार को लिखते समय मैंने इस बात का ध्यान रखा कि वह भले ही एक अलग युग की महिला हो, लेकिन उसकी सोच और हौसला आज की महिलाओं के लिए प्रेरणा बन सके। जयम्मा को केवल उस समय की कहानी का हिस्सा नहीं बनाया गया है, बल्कि उसके व्यक्तित्व में ऐसी विशेषताएं होंगी जो आज की महिलाओं को भी प्रभावित कर सकती हैं।'
राहुल ने यह भी बताया कि फिल्म में जयम्मा के लुक और उसकी पूरी दुनिया को उस युग के अनुसार तैयार किया गया है। टीम ने लुक के लिए खूबसूरत सिल्क और कॉटन के कपड़े, जरी, पुराने जमाने के रंग और एंटीक गोल्ड का इस्तेमाल किया है।'
रश्मिका की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, 'उन्होंने सिर्फ जयम्मा के किरदार को निभाया नहीं, बल्कि उसे पर्दे पर ऐसा जीवन दिया कि वह हमेशा के लिए याद रह सके। रश्मिका के हिस्से की शूटिंग पूरी हो चुकी है, अब पूरी टीम उन्हें मिस करेगी।'
'राणाबली' में विजय देवरकोंडा राणाबली की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि रश्मिका मंदाना उनकी पत्नी जयम्मा का किरदार निभा रही हैं। फिल्म में हॉलीवुड अभिनेता अर्नोल्ड वोस्लू भी शामिल हैं, जो विलेन सर थियोडोर हेक्टर का रोल निभा रहे हैं।'
राहुल सांकृत्यायन के निर्देशन में बन रही 'राणाबली' एक पीरियड एक्शन ड्रामा है, जो ब्रिटिश दौर की पृष्ठभूमि पर आधारित है। यह फिल्म 19वीं सदी में हुई वास्तविक ऐतिहासिक घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है। कहानी 1854 से 1878 के बीच हुए घटनाक्रम को आधार बनाकर तैयार की गई है और इसे बड़े स्तर पर पैन-इंडिया फिल्म के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।'
'राणाबली' पहले 11 सितंबर को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी रिलीज डेट बदलकर 16 अक्टूबर कर दी गई है।'