राहुल गांधी की माता-पिता के प्रति प्रेम की बात पर उठे सवाल
प्रेम की सुंदरता और समाज की सोच
कुछ लोग प्रेम से आक्रोशित हैं! दो लोगों की मोहब्बत से परेशान हैं? एक बेटे ने अपने माता-पिता के बीच ज़बरदस्त प्रेम की बात क्या कर दी – कुछ लोग हैरान व्यथित हो गए?
प्यार करना और प्यार पाना, अपने साथी के साथ रोजमर्रा की बोरिंग जिंदगी और उथल-पुथल के बीच दीवाने होकर प्यार करना, बिना शर्म अपने प्यार को दिखाना, बच्चों का ऐसे माता-पिता के साथ बड़ा होना जो एक-दूसरे से ज़बरदस्त मोहब्बत करते हैं – यह एक बेहद ख़ूबसूरत बात ही नहीं, एक वरदान है. मोहब्बत एक वो सौग़ात है जो सबको नसीब नहीं होती, इसीलिए जिन्हें प्यार मिले उन्हें इसे कभी छिपाना नहीं चाहिए
लेकिन जब राहुल गांधी ने अपने माता-पिता की बात की – कैसे वह एक युगल जोड़े की तरह एक दूसरे से प्रेम करते थे, कैसे शादी के वर्षों बाद भी उनके बीच की मोहब्बत ज़िंदा थी – कुछ लोग आक्रोशित और हैरान हो गए?!
ये वही लोग हैं जो अपनी पत्नियों और परिवारों को छोड़ने के आदी हैं, वही लोग जिनके लिए औरत और खासतौर से पत्नी का कोई वजूद ही नहीं है. वो लोग एक ऐसे आदमी के विचार को समझ ही नहीं सकते जो अपनी पत्नी को प्रेम जताना जानता है. वह प्रेम के इज़हार को समझ नहीं सकते. उसे स्वीकार नहीं कर पाते
उन्हें शायद तब तसल्ली होती अगर राहुल जी बताते कैसे सोनिया जी रसोई और खाने की मेज के बीच दौड़ दौड़ कर गर्म फुलके परोसतीं थीं, कैसे वह राजीव जी की जूठी थाली साफ करतीं, कैसे वह उनके भोजन करने के बाद ही अकेले बचा खुचा खातीं! ऐसे लोगों के लिए विवाह का, औरत का, एक पत्नी का जो idea है उसमें वो दोयम दर्जे की, ज़रूरत पूरा करने वाली, बिना किसी वजूद के पीछे रहने वाली है. कुछ भी equal, कुछ भी कोमल, कुछ भी जीवंत और रोमांटिक इन लोगों के लिए आपत्तिजनक है.
खैर, एक ऐसी भी दुनिया है जहाँ साथी equal है. जहाँ प्यार सिर्फ एक duty नहीं है. जहाँ प्यार में पति और पत्नी को प्रेम का इज़हार करने के लिए किसी की अनुमति की जरूरत नहीं पड़ती, जहाँ वे अपना प्यार दिखाने से नहीं डरते.
हमारी संस्कृति में प्रेम को जगत का सार कहा गया है. जिन लोगों को लगता है पत्नी अपने पति की गोद में नहीं बैठ सकती – बच्चों के सामने तो बिल्कुल नहीं – उन्होंने शायद पार्वती को शिव की गोद में बैठे नहीं देखा – अपने पुत्र गणेश और कार्तिकेय की उपस्थिति में. उन्होंने शायद भगवान विष्णु के चौथे अवतार नरसिंह की गोद में लक्ष्मी को बैठे नहीं देखा
प्यार जादू है, आपकी दुनिया बदल देता है. मोहब्बत करना सबके बस की बात नहीं है – सिर्फ़ बहादुर लोग प्यार कर सकते हैं. प्यार कमजोर नहीं करता, प्रेम तो ताक़त देता है. प्रेम कभी अश्लील हो ही नहीं सकता.
मैं तो चाहती हूँ हर घर में पति और पत्नी के बीच में मोहब्बत हो, वह शादी के दशकों बाद हँसे, मुस्कुरायें, अपने प्रेम का इज़हार करने से चूके नहीं. मैं तो चाहती हूँ ज़्यादा से ज़्यादा बच्चे ऐसे घरों में बड़े हों जो प्यार, हँसी और उनके माता-पिता के बीच रोमांस हो ना कि बेरुख़ी.
तो दोस्तों मोहब्बत की इस दास्ताँ का और ख़ुद अपनी मोहब्बत को सराहो, जश्न मनाओ. उस एक व्यक्ति जिसके लिए आपका दिल धड़कता है उसे बेख़ौफ़ हो कर अपनी मोहब्बत अपने प्रेम का इज़हार करो.
क्योंकि शोर, आक्रोश, विस्मय, नफ़रत के उस पार केवल और केवल प्यार ही मायने रखता है. प्रेम जो हमें जीवित रखता है – प्रेम जो प्रेमी के चले जाने के बाद भी हमें सम्भाले रखता है. क्योंकि प्यार कभी ख़त्म नहीं होता.
राहुल गांधी का शुक्रिया जिन्होंने अपने माता-पिता की बेख़ौफ़ मोहब्बत, उनके असीम प्यार की बात बिना हिचकिचाहट के की. जिन्होंने प्रेम पर सार्वजनिक जीवन में जो चुप्पी, जो रूढ़िवादिता है उसको एक झटके में तोड़ दिया. और धन्यवाद सोनिया जी का इस बेपनाह मोहब्बत को करने के लिए और अपनी कहानी बताने के लिए.
ढाई आखर प्रेम का पढ़े सो पंडित होय- मोहब्बत कीजिए, प्यार बाँटिये – बाक़ी सब बेमानी है
— Supriya Shrinate (@SupriyaShrinate) November 17, 2026