शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' की रिलीज डेट का हुआ ऐलान
शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' की रिलीज डेट का ऐलान
मुंबई: बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान की नई एक्शन फिल्म 'किंग' की रिलीज डेट अब तय हो चुकी है। यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। फिल्म के निर्माताओं ने इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए एक नया टीजर वीडियो भी जारी किया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
टीजर में शाहरुख का दमदार लुक
रेड चिलीज एंटरटेनमेंट द्वारा इंस्टाग्राम पर साझा किए गए इस छोटे से वीडियो में शाहरुख खान अपने फिल्मी अवतार में बेहद प्रभावशाली नजर आ रहे हैं। वीडियो की शुरुआत में वह अपने किरदार की ताकत दिखाते हुए कहते हैं, 'डर नहीं, दहशत हूं।' इस शक्तिशाली डायलॉग के साथ फिल्म का टैगलाइन भी सामने आया है।
कैप्शन में लिखा गया है- 'एक ऐसी दहाड़ जो पूरे साम्राज्य को हिला दें. #KING 24.12.2026 को आ रहा है. #ItsKINGTime.' टीजर रिलीज होते ही फैंस का जोश देखते ही बनता है। एक यूजर ने लिखा- 'क्या हम सीधे दिसंबर में पहुंच सकते हैं!' तो दूसरे ने कमेंट किया- 'किंग वापस नहीं आया… किंग तो कभी गया ही नहीं था।' फायर इमोजी और दिल से भरे कमेंट्स से सोशल मीडिया गर्म हो गया है।
सुहाना खान का डेब्यू
फिल्म में शाहरुख के साथ नजर आएगी सुहाना खान
फिल्म 'किंग' का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। यह फिल्म शाहरुख खान के करियर की एक बड़ी एक्शन एंटरटेनर मानी जा रही है। खास बात यह है कि इस फिल्म में शाहरुख की बेटी सुहाना खान भी बड़ी स्क्रीन पर डेब्यू करने जा रही हैं। पिता-बेटी का साथ स्क्रीन शेयर करना न सिर्फ शाहरुख के लिए बल्कि पूरे परिवार के लिए खास होगा।
मजबूत स्टारकास्ट
किंग में नजर आएगी मजबूत स्टारकास्ट
फिल्म में एक मजबूत स्टार कास्ट भी है। रानी मुखर्जी, दीपिका पादुकोण, अनिल कपूर, अभिषेक बच्चन, जैकी श्रॉफ, अरशद वारसी, सौरभ शुक्ला, राघव जुयाल और अभय वर्मा जैसे दिग्गज कलाकार इस फिल्म में नजर आएंगे। 'किंग' को हाई ऑक्टेन एक्शन, रोमांचक कहानी और बड़े पैमाने पर बनी विजुअल्स के लिए तैयार किया जा रहा है। फिल्म की शूटिंग पहले ही कई लोकेशन्स पर पूरी हो चुकी है और पोस्ट प्रोडक्शन का काम तेजी से चल रहा है।
शाहरुख का कमबैक
एक बार फिर दर्शकों को थिएटर का पूरा मजा देने वाले हैं शाहरुख
शाहरुख खान पिछले कुछ सालों से 'पठान', 'जवान' और 'डंकी' जैसी फिल्मों के साथ जबरदस्त कमबैक कर चुके हैं। अब 'किंग' के जरिए वो एक बार फिर दर्शकों को थिएटर का पूरा मजा देने वाले हैं। दिसंबर 2026 का क्रिसमस इस बार शाहरुख खान के फैंस के लिए खास होने वाला है। अगर टीजर की झलक पर यकीन करें तो 'किंग' दर्शकों को सीट से बांधने वाली एक्शन फिल्म साबित हो सकती है। फिल्म की रिलीज डेट कन्फर्म होते ही फैंस अब पूरी तरह से काउंटडाउन मोड में आ चुके हैं।