×

हरियाणा पुलिस ने गैंगस्टर रोमिल वोहरा को किया ढेर, घर पर चलेगा बुलडोजर

हरियाणा पुलिस ने गैंगस्टर रोमिल वोहरा को एनकाउंटर में मार गिराया है। रोमिल ने गलत संगत के चलते अपराध की दुनिया में कदम रखा और महज 22 साल की उम्र में तीन लाख का ईनामी बदमाश बन गया। उसके घर पर नगर निगम द्वारा बुलडोजर चलाने की तैयारी की जा रही है। जानें कैसे रोमिल ने अपराध की दुनिया में कदम रखा और उसके परिवार पर क्या कार्रवाई की जा रही है।
 

गैंगस्टर रोमिल वोहरा का एनकाउंटर

Gangster Romil Vohra Encounter: हरियाणा पुलिस ने यमुना नगर में 3 लाख रुपये के ईनामी बदमाश रोमिल वोहरा (22) को मार गिराया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, रोमिल ने गलत संगत के चलते अपराध की दुनिया में कदम रखा। बताया गया है कि उसे घर से बहुत कम खर्च मिलता था, जिसके चलते वह गाड़ियों और अन्य सफाई के काम करता था।


बदमाशों के साथ संगत ने बनाया गैंगस्टर

सूत्रों के अनुसार, रोमिल वोहरा पहले दब्बू स्वभाव का था। स्कूल के दिनों में उसे कई बार मारपीट का सामना करना पड़ा, लेकिन वह कभी जवाब नहीं देता था। हालांकि, बदमाशों के साथ रहने और उनके साथ फोटो खिंचवाने के शौक ने उसे बर्बादी की ओर धकेल दिया। इसी संगत के कारण वह महज 22 साल की उम्र में तीन लाख का ईनामी बदमाश बन गया और पुलिस के एनकाउंटर में मारा गया।


शांतनु की हत्या से चर्चा में आया

रोमिल के विदेश भागने की भी चर्चा थी। इसी दौरान उसने कुरुक्षेत्र के शाहबाद में एक बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम दिया। इसके बाद वह बेखौफ होकर लगातार वारदातें करता रहा। वह सबसे ज्यादा चर्चा में तब आया जब उसने कुरुक्षेत्र में शराब के ठेकेदार शांतनु की हत्या की। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।


घर पर होगा बड़ा एक्शन

रिपोर्ट्स के अनुसार, रोमिल वोहरा के घर पर नगर निगम ने पोस्टर लगा दिए हैं, जिसके चलते उसके घर को बुलडोजर से गिराया जाएगा। रोमिल का घर 57 वर्ग गज में बना हुआ है। फिलहाल, उसके माता-पिता कपिल वोहरा और रिशा वोहरा भी जेल में बंद हैं। कपिल वोहरा को खेड़ी लक्खा सिंह में हुए ट्रिपल मर्डर केस में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, जबकि उसकी मां को आइलेट्स सेंटर पर फायरिंग के मामले में साजिश में शामिल होने के आरोप में अरेस्ट किया गया था।