हेमा मालिनी ने साझा किया धर्मेंद्र के साथ गाने की शूटिंग का दिलचस्प किस्सा
हेमा मालिनी और धर्मेंद्र की जादुई केमिस्ट्री
मुंबई: बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री हेमा मालिनी ने अपनी अदाकारी, नृत्य और खूबसूरती से दर्शकों के दिलों पर राज किया है। उन्होंने अपने करियर में कई प्रमुख अभिनेताओं के साथ काम किया, लेकिन उनकी जोड़ी धर्मेंद्र के साथ हमेशा खास मानी गई।
इनकी पर्दे पर केमिस्ट्री इतनी प्रभावशाली रही कि उनकी कई फिल्में और गाने आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं। इनमें से एक यादगार पल है फिल्म 'चरस' का प्रसिद्ध गाना 'कल की हसीन मुलाकात के लिए', जिसके शूटिंग से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा हेमा मालिनी ने हाल ही में साझा किया।
एक इंटरव्यू में हेमा ने बताया कि गाने की कोरियोग्राफी पहले से तैयार थी, लेकिन धर्मेंद्र उसमें अपने अनोखे अंदाज से कुछ नया जोड़ते थे। उनके एक्सप्रेशन और छोटे-छोटे बदलाव गाने को और भी खास बना देते थे।
हेमा ने कहा, 'इस गाने की तैयारी भारत में हुई थी, लेकिन इसकी शूटिंग विदेश में की गई थी। उस समय कई शानदार गानों की शूटिंग चल रही थी। धरमजी का काम करने का तरीका बहुत अलग था। डांस कोरियोग्राफर जो सिखाते थे, उसमें वह अपने आइडिया और एक्सप्रेशन डाल देते थे। फिर मैं भी उसी अनुसार अपनी परफॉर्मेंस को बदल लेती थी।'
गाने के एक विशेष हिस्से को याद करते हुए उन्होंने कहा, 'गाने की शुरुआत में मैं धरमजी को पीछे धकेलती हूं और फिर वह उसी अंदाज में वापस मेरे पास आते हैं। ऐसे छोटे-छोटे बदलाव किसी भी परफॉर्मेंस को खास बना देते हैं और दर्शकों को लंबे समय तक याद रहते हैं।'
फिल्म 'चरस' का निर्देशन प्रसिद्ध निर्देशक रामानंद सागर ने किया था। इस फिल्म में धर्मेंद्र और हेमा मालिनी के अलावा अजीत, अमजद खान, सुजीत कुमार, अरुणा ईरानी, असरानी, केष्टो मुखर्जी और टॉम ऑल्टर जैसे कलाकारों ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं।