×

दुनिया की सबसे महंगी मछली: ब्लूफिन टूना की कीमत जानकर रह जाएंगे दंग

दुनिया की सबसे महंगी मछली, ब्लूफिन टूना, हाल ही में टोक्यो के तोयोसु फिश मार्केट में 29 करोड़ रुपये में बिकी। इस विशाल मछली की कीमत ने सभी को चौंका दिया है। जानें इसके अद्भुत स्वाद और विशेषताओं के बारे में, जो इसे समुद्री भोजन की दुनिया में सबसे प्रीमियम बनाती हैं।
 

दुनिया की सबसे महंगी मछली


दुनिया की सबसे महंगी मछली: मछली प्रेमियों के लिए एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। टोक्यो के प्रसिद्ध तोयोसु फिश मार्केट में 5 जनवरी को हुई नीलामी में 243 किलो वजनी ब्लूफिन टूना मछली की कीमत 510 मिलियन येन, यानी लगभग 29 करोड़ रुपये, में बिकी। यह मछली अब तक की सबसे महंगी मछली बन गई है।


विशालकाय ब्लूफिन टूना के एक किलो मांस की कीमत लगभग 12 लाख रुपये है। इस मछली की कीमत ने लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि यह सोने से भी अधिक मूल्यवान साबित हो रही है।


29 करोड़ रुपये की इस ब्लूफिन टूना को जापान की प्रसिद्ध कियोमुरा कॉर्पोरेशन के मालिक कियोशी कियोमुरा ने खरीदा है। कियोशी को 'टूना किंग' के नाम से जाना जाता है और वे 'सुशी जनमई' नामक रेस्टोरेंट चेन के मालिक हैं। हर साल नए साल की पहली नीलामी में सबसे ऊंची बोली लगाने के लिए वे जाने जाते हैं। कियोशी अपने ग्राहकों को बेहतरीन क्वालिटी की टूना परोसने के लिए किसी भी कीमत का भुगतान करने के लिए तैयार रहते हैं।


ब्लूफिन टूना को समुद्री भोजन की दुनिया में सबसे प्रीमियम और लग्जरी मछली माना जाता है। इसका मांस बेहद मुलायम और रसीला होता है, जिसमें प्राकृतिक फैट की भरपूर मात्रा होती है। इसके पेट का खास हिस्सा, जिसे 'ओटोरो' कहा जाता है, स्वाद में मक्खन की तरह घुल जाता है। इसका रंग, टेक्सचर और अद्भुत स्वाद इसे अन्य टूना मछलियों से कई गुना बेहतर बनाता है।


यह मछली गहरे और ठंडे समुद्रों में हजारों मील की यात्रा करती है, जिससे इसे पकड़ना बेहद जोखिम भरा कार्य होता है। इसकी संख्या भी काफी कम हो गई है।