स्वास्थ्यवर्धक नाश्ते की आसान रेसिपी: दलिया और मखाने का मिश्रण
स्वास्थ्यवर्धक नाश्ते की रेसिपी
लखनऊ। आज हम आपके साथ एक ऐसी रेसिपी साझा करने जा रहे हैं, जो बादाम, मखाने और दूध से बनाई जाती है। यह न केवल बनाने में सरल है, बल्कि स्वादिष्ट और सेहत के लिए भी फायदेमंद है।
सुबह का नाश्ता, दोपहर का भोजन या रात का खाना, हम अक्सर यह सोचते हैं कि आज क्या बनाएं। रोज़ाना वही पुराने पोहे, दाल-चावल, पराठे और खीर से बोरियत हो जाती है। इसलिए, आज हम दलिया, मूंग दाल, मखाने, दूध, बादाम, खसखस और गुड़ या मिश्री से एक स्वादिष्ट रेसिपी पेश कर रहे हैं। यह नाश्ता पोषण से भरपूर है और जल्दी तैयार हो जाता है, जिससे यह लंबे समय तक पेट को भरा रखता है।
आवश्यक सामग्री:
आधा कप दलिया, 3-4 चम्मच धुली मूंग दाल, 1 कप मखाने, 2-3 कप दूध, 8-10 बादाम, 1-2 चम्मच खसखस (इच्छानुसार), 1 चम्मच देसी घी, गुड़ पाउडर या मिश्री
बनाने की विधि:
रातभर भिगोए हुए बादाम और खसखस को सुबह छीलकर थोड़ा दूध या पानी मिलाकर स्मूद पेस्ट बना लें। इससे नाश्ते का स्वाद और पौष्टिकता दोनों बढ़ जाती हैं। फिर मखानों को हल्का कुरकुरा होने तक भूनकर अलग रख दें। उसी कड़ाही में घी गर्म करें और मूंग दाल को हल्का भूनें। इसके बाद दलिया डालकर सुनहरा होने तक भूनें।
अब कड़ाही में दूध और तैयार बादाम-खसखस का पेस्ट डालें। मिश्रण को अच्छी तरह मिलाकर ढक दें और धीमी आंच पर 10-12 मिनट तक पकाएं। बीच-बीच में चलाते रहें ताकि मिश्रण तली में न लगे। जब दलिया और दाल अच्छी तरह पक जाएं, तब स्वादानुसार गुड़ पाउडर या मिश्री मिलाएं। 1-2 मिनट तक पकाकर अच्छी तरह घोल लें। अंत में भुने हुए मखाने मिलाएं और गैस बंद कर दें। ऊपर से कटे बादाम या पिस्ता डालकर गरमागरम परोसें। चाहें तो इसे ठंडा करके भी खा सकते हैं।
यह नाश्ता क्यों है हेल्दी?
दलिया फाइबर, मूंग दाल प्रोटीन, मखाने कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं, जबकि दूध और बादाम शरीर को आवश्यक पोषक तत्व प्रदान करते हैं। यह नाश्ता ऊर्जा देने के साथ-साथ पाचन और हड्डियों की सेहत के लिए भी लाभकारी है।