काशी में देव दीपावली 2026 का भव्य उत्सव, 11 लाख दीये जलाए जाएंगे
देव दीपावली का उत्सव
देव दीपावली 2026: आज कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर काशी (वाराणसी) में देव दीपावली का भव्य उत्सव मनाया जाएगा। इस उत्सव की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बनारस के घाटों पर कुल 11 लाख दीये जलाने की योजना है। इस अवसर पर विशेष ड्रोन शो और चेत सिंह घाट पर लेजर शो का आयोजन किया जाएगा। गंगा किनारे शाम 7:20 से 7:45 बजे तक चेतसिंह किले की प्राचीर पर 25 मिनट की शिव तांडव स्तोत्र और गणेश वंदना की विशेष प्रस्तुति होगी।
जानकारी के अनुसार, आज शाम भगवान शिव की नगरी काशी में दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम शाम 5:15 से 5:45 बजे के बीच होगा। मां गंगा के दोनों तट पर अर्धचंद्राकार घाट दीपों की माला पहनकर अलौकिक छटा बिखेरेंगे, जबकि गंगा पार रेती पर आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से भर जाएगा। इसके बाद मां गंगा की आरती शाम 6:00 से 7:00 बजे तक प्रस्तावित है। इस दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों को ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो, लेजर शो और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
भजन की धुन पर होने वाली ग्रीन आतिशबाजी और आकाश में रंग-बिरंगे दृश्य देव दीपावली के उत्सव को और भव्य बनाएंगे। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने गंगा पार रेती पर रात 8:30 से 8:40 बजे तक 10 मिनट का ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो होगा। देव दीपावली के दौरान सुरक्षा के लिए 25 से अधिक आईपीएस और 50 से अधिक पीपीएस अधिकारियों के साथ 3,000 से अधिक महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सीआरपीएफ, पीएसी और त्वरित कार्रवाई दल की टीमें भी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगी। किसी आपात स्थिति के लिए अस्पतालों में बेड आरक्षित किए गए हैं।