जन्माष्टमी पर रंगोली सजाने के बेहतरीन आइडियाज
जन्माष्टमी रंगोली डिज़ाइन:
जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की तैयारियां घरों और मंदिरों में कई दिन पहले से शुरू होती हैं। भक्त भगवान के स्वागत के लिए मंदिर को सजाने और पूजा की थाली तैयार करने में हर छोटी-बड़ी चीज का ध्यान रखते हैं। इस दौरान मंदिर के आसपास की रंगोली सजावट विशेष रूप से आकर्षक बन सकती है। रंगोली बनाने के लिए फूल, रंग, पंखुड़ियां और दीये का उपयोग किया जा सकता है। खास बात यह है कि इसके लिए जटिल डिज़ाइन बनाने की आवश्यकता नहीं है।
बांसुरी और मोरपंख वाली रंगोली
भगवान श्रीकृष्ण की पहचान बांसुरी और मोरपंख से जुड़ी है। इसलिए, मंदिर के पास बांसुरी और मोरपंख थीम वाली रंगोली एक आकर्षक विकल्प हो सकती है। गोल बेस बनाकर उसके चारों ओर छोटे फूलों का पैटर्न तैयार करें। बीच में बांसुरी बनाएं और उसके चारों ओर मोरपंख की आकृति सजाएं। हरे, नीले और पीले रंगों का संयोजन रंगोली को और भी खूबसूरत बनाएगा।
कान्हा के पैरों के निशान
जन्माष्टमी पर भगवान कृष्ण के घर आगमन का प्रतीक छोटे-छोटे पैरों के निशान बनाए जाते हैं। इसी थीम को रंगोली में भी शामिल किया जा सकता है। पहले फूलों या रंगों से बॉर्डर बनाएं और फिर मंदिर की ओर जाते हुए कान्हा के पैरों के निशान तैयार करें। आसपास फूलों की पंखुड़ियां सजाने से डिजाइन और निखर जाएगा।
मटकी और माखन वाली रंगोली
कान्हा की बाल लीलाओं को दर्शाने के लिए मटकी और माखन वाली रंगोली बनाई जा सकती है। बीच में मटकी बनाकर उसमें से माखन निकालते हुए डिजाइन तैयार करें। चारों ओर फूल, पत्तियां और बांसुरी की आकृति जोड़ सकते हैं। लाल, पीले, नारंगी और हरे रंग इसे पारंपरिक रूप देंगे।
फूलों से लिखें श्रीकृष्ण का नाम
जटिल रंगोली बनाने में परेशानी हो तो फूलों की पंखुड़ियों से ‘श्री कृष्ण’ या ‘राधे कृष्ण’ लिखना आसान और सुंदर विकल्प है। गेंदे और गुलाब की पंखुड़ियों से बॉर्डर बनाकर आसपास छोटे दीये रखें। इससे मंदिर की सजावट के साथ फूलों की मनमोहक खुशबू भी बनी रहेगी।