विक्रम-1 मिशन: पीएम मोदी का हाथ से लिखा पोस्टकार्ड अंतरिक्ष में भेजा जाएगा
स्काईरूट एयरोस्पेस का ऐतिहासिक मिशन
नई दिल्ली: प्राइवेट स्पेस स्टार्टअप स्काईरूट एयरोस्पेस ने शुक्रवार को जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हाथ से लिखा एक पोस्टकार्ड, जिस पर 'वंदे मातरम' लिखा है, 18 जुलाई को कंपनी की विक्रम-1 टेस्ट फ्लाइट-1 के माध्यम से अंतरिक्ष में भेजा जाएगा।
कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि इस विशेष मिशन में पीएम मोदी का हाथ से लिखा संदेश शामिल होगा। इसके साथ ही, स्काईरूट की टीम, निवेशकों, नीति-निर्माताओं और वैश्विक शुभचिंतकों के हाथ से लिखे नोट भी इस पेलोड में शामिल किए जाएंगे।
स्काईरूट ने कहा, "विक्रम-1 टेस्ट फ़्लाइट-1 पर ले जाए जा रहे पेलोड में एक बहुत ही खास चीज है, पीएम मोदी का हाथ से लिखा पोस्टकार्ड, जिस पर 'वंदे मातरम' लिखा है।"
कंपनी ने यह भी बताया कि ये यादगार वस्तुएं 'मिशन आगमन' का हिस्सा हैं, जिसे उन्होंने "कई हाथों से आगे बढ़ाया गया और लाखों लोगों द्वारा साझा किया गया एक उत्सव" बताया है।
हाथ से लिखे ये संदेश भारत के बढ़ते प्राइवेट स्पेस इकोसिस्टम के लिए सामूहिक समर्थन का प्रतीक हैं और विक्रम-1 मिशन के साथ अंतरिक्ष में जाएंगे।
यादगार चीजों के अलावा, विक्रम-1 में कॉस्मोसर्व, डी-क्यूब्ड और स्काईरूट के अपने स्कोप से टेक्नोलॉजी डेमोंस्ट्रेशन पेलोड ले जाए जाएंगे। इसमें कॉसमॉस डायमंड्स द्वारा निर्मित आर्टवर्क 'कॉस्मिक ब्लूम' और एक माइक्रो-आर्ट पेलोड भी शामिल होगा।
विक्रम-1, स्काईरूट एयरोस्पेस का पहला ऑर्बिटल लॉन्च व्हीकल है, जो भारत के प्राइवेट स्पेस सेक्टर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हो सकता है। इस मिशन का उद्देश्य देश में निर्मित इस लॉन्च व्हीकल की क्षमताओं को प्रदर्शित करना और देश के कमर्शियल स्पेस लक्ष्यों को मजबूत करना है।
गुरुवार को हैदराबाद स्थित स्टार्टअप ने घोषणा की कि वह 18 जुलाई को सतीश धवन स्पेस सेंटर (एसडीएससी-एसएचएआर) के पहले लॉन्च पैड से विक्रम-1 की पहली टेस्ट फ्लाइट का प्रयास करेगी। यह भारतीय धरती से किसी प्राइवेट रूप से विकसित ऑर्बिटल-क्लास रॉकेट के उड़ान भरने की पहली कोशिश होगी।
कंपनी के अनुसार, आवश्यक एयरस्पेस और समुद्री मंजूरी प्राप्त हो चुकी हैं। अधिकारियों ने रॉकेट के उड़ान और गिरने के मार्ग (एसेंट और इम्पैक्ट कॉरिडोर) के साथ प्रतिबंधित क्षेत्र निर्धारित करने के लिए आवश्यक नोटिस भी जारी कर दिए हैं।