फास्ट चार्जिंग बनाम बैटरी लाइफ: क्या तेज चार्जिंग से बैटरी खराब होती है?
फास्ट चार्जिंग और बैटरी लाइफ
फास्ट चार्जिंग बनाम बैटरी लाइफ: आजकल स्मार्टफोन खरीदते समय कैमरा, प्रोसेसर और डिस्प्ले के साथ-साथ फास्ट चार्जिंग भी एक महत्वपूर्ण फीचर बन गया है। बाजार में 33W, 45W, 67W, 80W और यहां तक कि 120W चार्जिंग वाले स्मार्टफोन उपलब्ध हैं। कुछ फोन केवल 15-20 मिनट में काफी हद तक चार्ज हो जाते हैं। लेकिन इतनी तेज चार्जिंग को देखकर एक सवाल उठता है, क्या फास्ट चार्जिंग से बैटरी जल्दी खराब होती है?
इसका सीधा उत्तर यह है कि केवल उच्च वाट वाली चार्जिंग को बैटरी के खराब होने का कारण नहीं माना जा सकता। बैटरी की उम्र एक महत्वपूर्ण कारक होती है। इसके अलावा, तापमान, चार्जिंग की आदतें और फोन को लंबे समय तक फुल चार्ज रखने जैसे कई अन्य कारण भी प्रभाव डालते हैं।
क्या फास्ट चार्जिंग बैटरी को नुकसान पहुंचाती है?
स्मार्टफोन में उपयोग की जाने वाली लिथियम-आयन बैटरी समय के साथ अपनी क्षमता खो देती है। यानी कुछ वर्षों के उपयोग के बाद फोन पहले की तरह लंबे समय तक बैकअप नहीं दे पाता। यह बैटरी का सामान्य प्रक्रिया है। फास्ट चार्जिंग के दौरान कम समय में अधिक ऊर्जा बैटरी तक पहुंचती है। इससे फोन और बैटरी का तापमान बढ़ सकता है। लंबे समय तक अधिक गर्मी बैटरी के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती है। इसलिए समस्या केवल 67W या 120W चार्जिंग की नहीं है, बल्कि चार्जिंग के दौरान तापमान को नियंत्रित करना भी महत्वपूर्ण है।
फोन 80% के बाद धीरे चार्ज क्यों होता है?
यदि आपका फोन शुरुआत में तेजी से चार्ज होता है और 70-80 प्रतिशत के बाद चार्जिंग स्पीड कम हो जाती है, तो चिंता की कोई बात नहीं है। आधुनिक स्मार्टफोन में ऐसे सिस्टम होते हैं, जो बैटरी के तापमान और चार्जिंग स्थिति को लगातार प्रबंधित करते हैं। बैटरी के अधिक गर्म होने से बचाने के लिए फोन आवश्यकतानुसार चार्जिंग स्पीड को कम कर देता है। यही कारण है कि कई बार फोन 0 से 50 या 60 प्रतिशत तक तेजी से चार्ज होता है, लेकिन 80 प्रतिशत के बाद स्पीड धीमी हो जाती है।
ज्यादा तापमान से भी होती है परेशानी:
बैटरी की सेहत के लिए तापमान सबसे महत्वपूर्ण कारकों में से एक है। खासकर गर्म मौसम में फोन को चार्ज करते समय सावधानी बरतना आवश्यक है। यदि चार्जिंग के दौरान फोन हल्का गर्म होता है तो यह सामान्य हो सकता है। लेकिन यदि फोन अत्यधिक गर्म हो रहा है या लंबे समय तक गर्म बना रहता है, तो यह बैटरी के लिए अच्छा नहीं है। इसलिए फोन को सीधे धूप, गर्म कार या बहुत गर्म कमरे में चार्ज करने से बचना चाहिए।
67W या 120W चार्जिंग का उपयोग करें या नहीं?
यदि आपके फोन में 67W, 80W या 120W फास्ट चार्जिंग है, तो केवल इस वजह से इसका उपयोग करने से डरने की आवश्यकता नहीं है। आधुनिक फोन और उनके चार्जिंग सिस्टम इसी क्षमता को ध्यान में रखकर डिजाइन किए जाते हैं। हालांकि, हमेशा फोन के साथ दिए गए या कंपनी द्वारा प्रमाणित चार्जर और केबल का उपयोग करना बेहतर होता है। चार्जिंग के दौरान यदि फोन बहुत गर्म हो रहा हो तो गेम खेलने या भारी ऐप चलाने से बचें।
बैटरी लाइफ बढ़ाने के आसान तरीके:
फोन को बहुत गर्म स्थान पर चार्ज न करें।
चार्जिंग के दौरान लगातार गेमिंग से बचें।
भरोसेमंद और सही चार्जर-कैबल का उपयोग करें।
जरूरत हो तो 80% चार्ज लिमिट ऑन करें।
फोन को बार-बार 0% तक डिस्चार्ज न होने दें।
लंबे समय तक 100% चार्ज पर रखने से बचें।