एक बार में पानी पीने के नुकसान: किडनी पर पड़ सकता है गंभीर असर
पानी पीने की गलत आदतें
नई दिल्ली: भागदौड़ भरी जिंदगी में थकान होना स्वाभाविक है, लेकिन कई लोग इसे दूर करने के लिए एक ही बार में पानी की पूरी बोतल खत्म कर देते हैं। खासकर युवा इसे मजेदार समझते हैं। हालांकि, स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यह आदत स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती है।
वैज्ञानिक अनुसंधान के अनुसार, हमारा शरीर पानी को धीरे-धीरे अवशोषित करता है। किडनी का कार्य रक्त को साफ करना और आवश्यक तत्वों का संतुलन बनाए रखना होता है। किडनी में छोटे-छोटे फिल्टर होते हैं, जिन्हें नेफ्रॉन कहा जाता है। जब हम अचानक बहुत सारा पानी पीते हैं, तो किडनी पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे उसकी कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि एक बार में अधिक पानी पीने से शरीर के इलेक्ट्रोलाइट संतुलन में भी गड़बड़ी आ सकती है। सोडियम और अन्य मिनरल्स का संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। अचानक अधिक पानी पीने से चक्कर आना, कमजोरी या उल्टी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। गंभीर मामलों में इसे वाटर इंटॉक्सिकेशन कहा जाता है।
इसके अलावा, पानी की कमी और गलत आदतें जैसे पेशाब को लंबे समय तक रोकना भी हानिकारक है। बार-बार पेशाब रोकने से मूत्र मार्ग में बैक्टीरिया पनपने का खतरा बढ़ जाता है, जो इंफेक्शन का कारण बन सकता है। यदि समय पर ध्यान न दिया जाए, तो यह किडनी तक पहुंच सकता है।
गर्मियों में प्यास लगना सामान्य है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि एक बार में बहुत सारा पानी पी लिया जाए। शरीर को पानी की जरूरत लगातार और संतुलित मात्रा में होती है। जब हम थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पानी पीते हैं, तो शरीर उसे बेहतर तरीके से उपयोग कर पाता है। इससे किडनी पर दबाव कम पड़ता है और शरीर हाइड्रेटेड रहता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह है कि पानी हमेशा आराम से, बैठकर और घूंट में पीना चाहिए। इससे शरीर को पानी अवशोषित करने का समय मिलता है और वह अपने सभी कार्य सही तरीके से कर पाता है।