गणेश उत्सव पर बनाएं स्वादिष्ट मलाई मोदक
गणपति उत्सव का आनंद
देशभर में गणपति उत्सव की धूम मची हुई है। इस अवसर पर भक्त भगवान गणेश को विभिन्न प्रकार के मोदक अर्पित करते हैं। बप्पा को प्रसन्न करने के लिए उनके प्रिय भोग मोदक का विशेष महत्व है। आज गणेश उत्सव का पांचवां दिन है। यदि आप भी बप्पा को खुश करने के लिए उनकी पसंदीदा मिठाई मोदक बनाना चाहते हैं, तो इस बार उन्हें मलाई मोदक अर्पित करें।
मलाई मोदक बनाने की सामग्री
- दूध- 2 कप
- मिल्क पाउडर- 1 कप
- कंडेंस्ड मिल्क- आधा कप
- इलायची पाउडर- आधा छोटा चम्मच
- केसर- थोड़ी सी
- गुनगुना दूध- 2 बड़े चम्मच
- बादाम- 2 बड़े चम्मच
- पिस्ता- 2 बड़े चम्मच
- घी- सांचे को चिकना करने के लिए
मलाई मोदक बनाने की विधि
- मलाई मोदक बनाने के लिए सबसे पहले एक भारी तले की कड़ाही लें और उसमें दूध डालकर गर्म करें। दूध को मध्यम आंच पर उबालने दें। अब इसमें मिल्क पाउडर डालें और लगातार चलाते रहें ताकि मिश्रण में गांठें न बनें।
- इसके बाद कंडेंस्ड मिल्क डालें और दोनों चीजों को अच्छी तरह मिलाएं। इसे धीमी आंच पर पकाते रहें और बीच-बीच में चलाते रहें ताकि यह कड़ाही के नीचे न लगे।
- जब मिश्रण पकने लगेगा, तो यह धीरे-धीरे गाढ़ा होने लगेगा। अब इसमें इलायची पाउडर डालें। यदि आप मोदक में केसर की खुशबू मिलाना चाहें, तो केसर को गुनगुने दूध में भिगोकर इसमें मिला सकते हैं।
- अब इस मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक यह गाढ़ा न हो जाए। ध्यान रखें कि इसे अधिक सूखने न दें, क्योंकि सूखे मिश्रण से मोदक बनाने में कठिनाई होगी।
- मिश्रण गाढ़ा होने के बाद गैस बंद कर दें और इसे थोड़ा ठंडा होने के लिए रख दें। ठंडा होने पर इसे हाथों से मसलकर चिकना कर लें।
- अब मोदक मोल्ड लें और इसके अंदर थोड़ा घी लगाएं। मिश्रण का एक हिस्सा सांचे में भरें और उंगलियों या चम्मच से अच्छे से दबा दें। सांचा बंद करके हल्के हाथ से दबाएं और मोदक को बाहर निकाल लें।
- ऊपर से कटे हुए बादाम और पिस्ता लगाकर सजाएं। आपके मलाई मोदक तैयार हैं।