गर्मी में हीट स्ट्रोक से बचने के लिए सही डाइट प्लान
गर्मी में सावधानी बरतें
हेल्थ कार्नर: गर्मियों में थोड़ी सी सावधानी आपको हीट स्ट्रोक से बचा सकती है। जब आप लंबे समय तक धूप में रहते हैं, तो आपके शरीर में पानी और आवश्यक सॉल्ट्स की कमी हो जाती है, जिससे डिहाइड्रेशन हो सकता है। इस स्थिति में हल्का बुखार, चेहरा लाल होना, हाथ-पैरों में दर्द और पसीना आना बंद हो सकता है। यदि यह समस्या बनी रहती है, तो शरीर का तापमान 104 डिग्री से अधिक (हाइपरथर्मिया) हो सकता है। इस अवस्था में दिमाग, किडनी, हृदय और अन्य अंगों की कार्यप्रणाली प्रभावित हो सकती है, जिससे जीवन को खतरा हो सकता है। गर्मियों में खानपान का विशेष ध्यान रखने से कई मौसमी बीमारियों से बचा जा सकता है। आइए जानते हैं बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों और खानपान के बारे में।
डाइट प्लान –
चाय-कॉफी से बनाएं दूरी –
सुबह जल्दी उठकर खाली पेट दो गिलास गुनगुना पानी पीएं। इससे पेट साफ रहेगा और दिनभर कोई परेशानी नहीं होगी। इसके बाद कम से कम 40-45 मिनट टहलें ताकि आप पूरे दिन सक्रिय रह सकें।
नाश्ता 9-10 बजे : ठंडा दूध, ठंडाई, फलों का जूस, सत्तू या जीरे व पुदीना वाली छाछ पी सकते हैं। साथ में वेजिटेबल दलिया या सूखे मेवे और एक मौसमी फल ले सकते हैं।
लंच 12 से 2 बजे के बीच : ऐसी सब्जियां चुनें जिनमें पानी की मात्रा अधिक हो, जैसे लौकी, टिंडा, कद्दू, तुरई आदि। सलाद में टमाटर, खीरा, ककड़ी, प्याज आदि शामिल करें। जीरा व पुदीना की छाछ, आमपना, दही या रायता खाएं। दाल भी ऊर्जा का बेहतरीन स्रोत है।
शाम 4 से 5 बजे के बीच : अक्सर लोग शाम की चाय या कॉफी के साथ चिप्स, बिस्किट, स्नैक्स आदि खाते हैं, लेकिन गर्मी में नारियल पानी, ठंडाई, खसखस का शरबत या फ्रूट जूस लेना बेहतर होता है। इससे शरीर में ताजगी बनी रहती है। इनके साथ स्प्राउट्स में खीरा, ककड़ी व अनार मिलाकर खाएं। ऑफिस जाने वाले भुने चने और फलों का सलाद ले सकते हैं।
डिनर 8 से 9 बजे के बीच : इस समय भारी भोजन से बचें, क्योंकि इससे पेट में समस्या हो सकती है। खिचड़ी, उपमा, दलिया जैसी हल्की चीजें खाएं।