घर पर बनाएं रेस्टोरेंट स्टाइल बटर नान
घर पर बटर नान बनाने की विधि
रेस्टोरेंट या ढाबे में गर्मागर्म बटर नान का आनंद लेना किसे पसंद नहीं? पनीर की सब्जी, दाल मखनी और छोले के साथ बटर नान का स्वाद तो लाजवाब होता है। हालांकि, कई लोग मानते हैं कि घर पर सॉफ्ट नान बनाना संभव नहीं है, यह केवल रेस्टोरेंट में ही मिलता है। लेकिन आप बिना किसी कठिनाई के, कम समय में घर पर रेस्टोरेंट जैसा गर्म और मुलायम नान बना सकती हैं, और इसे लोहे के तवे पर आसानी से तैयार किया जा सकता है। इस लेख में, हम आपको घर पर स्वादिष्ट बटर नान बनाने की प्रक्रिया बताएंगे।
आवश्यक सामग्री
मैदा - 2 कप
दही - 1/2 कप
चीनी - 1 छोटी चम्मच
नमक - 1/2 छोटी चम्मच
बेकिंग सोडा - एक चुटकी
बेकिंग पाउडर - 1/2 छोटी चम्मच
तेल - 2 छोटी चम्मच
गुनगुना पानी - आटा गूंथने के लिए आवश्यकतानुसार
मक्खन
बारीक कटा हरा धनिया
बारीक कटा लहसुन
बटर नान बनाने की प्रक्रिया
एक बड़े बर्तन में मैदा, चीनी, नमक, बेकिंग सोडा और बेकिंग पाउडर को अच्छे से मिलाएं। इसके बाद, इसमें दही और तेल डालें और गुनगुने पानी से नरम आटा गूंथ लें। जब आटा तैयार हो जाए, तो ऊपर से थोड़ा तेल लगाकर चिकना कर लें। आटे को 1-2 घंटे के लिए रेस्ट पर छोड़ दें ताकि यह फर्मेंट हो सके और नान मुलायम बने। समय पूरा होने पर आटे को मसल लें और छोटी-छोटी लोइयां बना लें। फिर लोई को मैदे की मदद से बेल लें।
गार्लिक नान बनाने का तरीका
यदि आप गार्लिक नान बनाना चाहती हैं, तो बेलने से पहले ऊपर से धनिया और कटा लहसुन लगाकर बेलन से चिपका दें। अब नान के पिछले हिस्से पर पानी लगाएं और तवे को तेज आंच पर रखें। लोहे के तवे का उपयोग करें। पानी लगी साइड वाली नान को गर्म तवे पर चिपका दें। कुछ ही सेकंड में आप देखेंगे कि नान से बुलबुले उठ रहे हैं। फिर तवा उल्टा करें और आंच पर घुमा-घुमा कर सेंकें।
नान को परोसने का तरीका
जब नान पर ब्राउन-गोल्डन और तंदूरी स्पॉट्स आ जाएं, तो इसे सावधानी से उतारें और तुरंत बटर लगाएं। इस सरल विधि से आपका रेस्टोरेंट स्टाइल सॉफ्ट बटर नान तैयार हो जाएगा, जिसे आप अपनी पसंदीदा सब्जी के साथ परोस सकते हैं।
विशेष टिप्स
आटा गूंथने के लिए हमेशा गुनगुना पानी का उपयोग करें। इससे खमीर उठने में मदद मिलती है।
आटे को गूंथने के बाद कम से कम 1 घंटे का रेस्ट दें।
नान सेंकने के लिए हमेशा लोहे के तवे का इस्तेमाल करें।
नान को उतारते ही उस पर बटर लगाएं, इससे नान लंबे समय तक मुलायम बनी रहती है।