तनाव कम करने के लिए योगासन: मूड स्विंग्स से राहत पाने के उपाय
तनाव और मूड स्विंग्स से निपटने के लिए योग
आजकल की व्यस्त जीवनशैली के कारण लोगों में तनाव लगातार बढ़ रहा है। यदि आप भी मूड स्विंग्स से जूझ रहे हैं, तो योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना एक अच्छा विकल्प हो सकता है। अचानक गुस्सा, उदासी, चिड़चिड़ापन या बेचैनी मानसिक असंतुलन के संकेत हो सकते हैं। तनाव, हार्मोनल परिवर्तन, नींद की कमी और अनियमित दिनचर्या इसके मुख्य कारण हैं। योग एक प्राकृतिक और प्रभावी उपाय है, जो शरीर और मन को संतुलित करता है। योगासन करने से नर्वस सिस्टम को शांति मिलती है और हार्मोन संतुलित होते हैं। आइए जानते हैं कौन से योगासन नियमित रूप से करने चाहिए।
बालासन
बालासन मानसिक थकान को दूर करने और ओवरथिंकिंग को नियंत्रित करने में मदद करता है। इसे करने के लिए घुटनों के बल बैठें और सांस छोड़ते हुए आगे की ओर झुकें। फिर अपने माथे को जमीन पर रखें और दोनों हाथों को आगे की ओर फैलाएं, आंखें बंद कर सामान्य सांस लें।
सेतु बंधासन
सेतु बंधासन तनाव और थकान को कम करने में सहायक है और हार्मोन को संतुलित करता है। इसे करने के लिए पीठ के बल लेटें, घुटनों को मोड़ें और पैरों को जमीन पर रखें। हाथों को आगे की ओर रखें और सांस लेते हुए कमर को ऊपर उठाएं। ठुड्डी को छाती की ओर रखें, कुछ सेकंड रुकें और फिर धीरे-धीरे वापस आएं।
भुजंगासन
भुजंगासन हार्मोन को संतुलित करने में मदद करता है और मूड को बेहतर बनाता है। इसे करने के लिए पेट के बल लेटें और हथेलियों को कंधों के पास रखें। सांस लेते हुए धीरे-धीरे छाती को ऊपर उठाएं, नाभि को जमीन पर रखें। इस स्थिति में कुछ सेकंड रुकें और फिर सांस छोड़ते हुए वापस आएं। इसे 5 से 7 बार दोहराएं।
शवासन
शवासन मानसिक तनाव और नकारात्मक विचारों को दूर करने में मदद करता है। इसे करने के लिए पीठ के बल लेटें, हाथ-पैर ढीले छोड़ दें, आंखें बंद करें और ध्यान केंद्रित करें।