त्वचा की देखभाल के लिए 5 बेहतरीन होममेड फेस सीरम
त्वचा की देखभाल में मददगार होममेड फेस सीरम
आजकल की तेज़ रफ्तार जिंदगी में अपनी त्वचा की देखभाल करना एक चुनौती बन गया है। दिनभर की भागदौड़, धूल-मिट्टी, तेज धूप, तनाव और नींद की कमी का असर सबसे पहले चेहरे पर दिखाई देता है। इससे त्वचा की चमक कम हो जाती है और चेहरा थका हुआ नजर आता है। कई लोगों को समय से पहले झुर्रियां, पिगमेंटेशन और डलनेस जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
इन समस्याओं से बचने के लिए लोग महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स का सहारा लेते हैं, लेकिन इनमें मौजूद केमिकल हर किसी की त्वचा पर सूट नहीं करते। कभी-कभी ये एलर्जी या जलन का कारण भी बन सकते हैं। ऐसे में घरेलू चीजों से बने नेचुरल फेस सीरम एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं। ये न केवल सरल होते हैं, बल्कि त्वचा को प्राकृतिक तरीके से पोषण भी देते हैं। आइए जानते हैं ऐसे 5 होममेड फेस सीरम के बारे में, जो आपकी त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाने में मदद कर सकते हैं।
1. शहद और नींबू का ग्लोइंग सीरम
शहद और नींबू का मिश्रण आपकी फीकी त्वचा के लिए फायदेमंद हो सकता है। शहद त्वचा को नमी प्रदान करता है और उसे मुलायम बनाता है, जबकि नींबू के गुण रंगत को सुधारने में मदद करते हैं।
कैसे तैयार करें: दो चम्मच शहद और एक चम्मच ताजा नींबू का रस मिलाकर अच्छे से मिक्स करें।
कैसे इस्तेमाल करें: इसे चेहरे पर पतली परत में लगाएं और 20 मिनट तक छोड़ दें। फिर गुनगुने पानी से धो लें। नियमित उपयोग से त्वचा में निखार आ सकता है।
2. हल्दी और नारियल तेल का पोषण देने वाला सीरम
रूखी और बेजान त्वचा के लिए हल्दी और नारियल तेल का मिश्रण उपयोगी है। हल्दी में एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं, जबकि नारियल तेल त्वचा को गहराई से मॉइस्चराइज करता है।
कैसे तैयार करें: दो चम्मच नारियल तेल में दो चुटकी हल्दी पाउडर मिलाएं।
कैसे इस्तेमाल करें: इस मिश्रण को चेहरे पर हल्के हाथों से लगाएं और 20 से 25 मिनट तक छोड़ दें। फिर पानी से धो लें। इससे त्वचा मुलायम और पोषित महसूस हो सकती है।
3. एलोवेरा बेस्ड डेली सीरम
रोजाना उपयोग के लिए एलोवेरा एक बेहतरीन विकल्प है। यह त्वचा को ठंडक देता है और उसे रिपेयर करने में मदद करता है।
कैसे तैयार करें: एक चम्मच एलोवेरा जेल में एक विटामिन ई कैप्सूल का तेल, एक चम्मच गुलाब जल और आधा चम्मच ग्लिसरीन मिलाएं। इस मिश्रण को एक साफ बोतल में स्टोर करें।
कैसे इस्तेमाल करें: रात को सोने से पहले चेहरे पर लगाएं और सुबह धो लें। इससे त्वचा की ड्राइनेस और फाइन लाइंस में राहत मिल सकती है।
4. दालचीनी और शहद का एंटी-पिंपल सीरम
अगर आपके चेहरे पर बार-बार मुंहासे निकलते हैं, तो दालचीनी और शहद का मिश्रण मददगार हो सकता है। यह त्वचा को साफ रखने में सहायक माना जाता है।
कैसे तैयार करें: एक चम्मच शहद में एक छोटा चम्मच दालचीनी पाउडर मिलाएं।
कैसे इस्तेमाल करें: इस पेस्ट को चेहरे पर 15 से 20 मिनट तक लगाकर रखें और फिर पानी से धो लें। इससे त्वचा साफ और ताजा महसूस हो सकती है।
5. एलोवेरा और हल्दी का ऑयल कंट्रोल सीरम
ऑयली त्वचा के लिए एलोवेरा और हल्दी का मिश्रण उपयोगी हो सकता है।
कैसे तैयार करें: फ्रेश एलोवेरा जेल में एक चम्मच हल्दी मिलाकर अच्छे से मिक्स करें। इसे फ्रिज में भी रखा जा सकता है।
कैसे इस्तेमाल करें: रात में हल्के हाथों से चेहरे पर लगाएं और लगभग 15 मिनट बाद धो लें। इससे अतिरिक्त तेल को नियंत्रित करने और त्वचा की रंगत सुधारने में मदद मिल सकती है।