पंजाब पुलिस का नशा तस्करों के खिलाफ बड़ा अभियान: 6.4 किलो हेरोइन बरामद
पंजाब पुलिस की छापेमारी में बड़ी सफलता
पंजाब पुलिस ने 335 स्थानों पर की छापेमारी, 104 तस्कर गिरफ्तार
चंडीगढ़ : पंजाब सरकार ने नशे के खिलाफ एक विशेष अभियान शुरू किया है, जिसका उद्देश्य राज्य से नशे और तस्करों का पूरी तरह से सफाया करना है। इस अभियान के तहत, पंजाब पुलिस ने 335 स्थानों पर छापेमारी की, जिसके परिणामस्वरूप 74 एफआईआर दर्ज की गईं और 104 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
अब तक, 163 दिनों में गिरफ्तार तस्करों की कुल संख्या 25,524 हो गई है। छापेमारी के दौरान, पुलिस ने 6.4 किलोग्राम हेरोइन, 500 ग्राम अफीम और 1092 नशीली गोलियां/कैप्सूल बरामद किए। यह अभियान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव के निर्देश पर पूरे राज्य के 28 जिलों में एक साथ चलाया गया।
अभियान की निगरानी के लिए उपसमिति का गठन
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस आयुक्तों, उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) को पंजाब को नशा-मुक्त बनाने के निर्देश दिए हैं। इस दिशा में, पंजाब सरकार ने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में एक 5 सदस्यीय कैबिनेट सब-कमेटी का गठन किया है।
राज्यभर में छापेमारी का व्यापक अभियान
विशेष डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने बताया कि 67 गजटिड अधिकारियों की देखरेख में 1000 से अधिक पुलिस कर्मियों वाली 120 से ज्यादा टीमों ने राज्यभर में छापेमारी की। इस ऑपरेशन के दौरान, पुलिस ने 366 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की।
स्पेशल डीजीपी ने कहा कि पंजाब सरकार ने नशों के उन्मूलन के लिए तीन-आयामी रणनीति — प्रवर्तन, नशा मुक्ति (डी-एडिक्शन) और रोकथाम (ईडीपी) — लागू की है। इस रणनीति के तहत, पंजाब पुलिस ने 28 व्यक्तियों को नशा छोड़ने और पुनर्वास उपचार लेने के लिए प्रेरित किया है।