पंजाब पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए अभियान में 1.8 किलो हेरोइन बरामद की
पंजाब पुलिस की कार्रवाई में 110 तस्कर गिरफ्तार
चंडीगढ़ : पंजाब पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 298 स्थानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में 110 तस्करों को गिरफ्तार किया गया और 92 एफआईआर दर्ज की गई। इस अभियान के 263वें दिन, कुल गिरफ्तार तस्करों की संख्या 37,392 हो गई है।
पुलिस ने इस दौरान 1.8 किलोग्राम हेरोइन, 1928 नशीली गोलियां और 7650 रुपये की ड्रग मनी बरामद की। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस अधिकारियों को नशा-मुक्त पंजाब बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए एक 5 सदस्यीय कैबिनेट सब-कमेटी भी बनाई गई है।
100 से अधिक टीमों ने की छापेमारी
इस ऑपरेशन में 800 से अधिक पुलिस कर्मियों की 100 से ज्यादा टीमों ने 60 अधिकारियों की देखरेख में छापे मारे। पूरे दिन चले इस अभियान के दौरान 316 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की गई।
कपूरथला पुलिस ने गिरोह के तीन बदमाशों को पकड़ा
कपूरथला पुलिस ने जग्गा फुकीवाल फिरौती गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया, जिनके पास 9 देसी पिस्तौले और जिंदा कारतूस थे। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए बदमाशों में अमनदीप, हरजीत सिंह और लवप्रीत शामिल हैं।
अमनदीप इस गिरोह का सक्रिय सदस्य है और स्थानीय गिरोहों को हथियार पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था।