बदलते मौसम में बच्चों की सेहत का ध्यान कैसे रखें
बदलते मौसम में बच्चों की स्वास्थ्य समस्याएं
मौसम में बदलाव के साथ तापमान में काफी उतार-चढ़ाव होता है, जिससे बच्चे अक्सर बीमार पड़ जाते हैं। नमी के कारण, वे वायरस, एलर्जी और पर्यावरणीय अशुद्धियों के संपर्क में आ जाते हैं। इस समय बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता थोड़ी कमजोर हो जाती है, जिससे उन्हें मौसम के बदलाव के अनुकूल होने में समय लगता है।
बच्चों में आम बीमारियां
बदलते मौसम के कारण बच्चों को मुख्यतः पांच प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
सर्दी-जुकाम
बच्चों में सर्दी-जुकाम सबसे आम समस्या है। इसके लक्षणों में बहती नाक, छींक, हल्की खांसी और गले में खराश शामिल हैं। तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण श्वसन नली प्रभावित होती है, जिससे सर्दी के वायरस तेजी से फैलते हैं।
मौसमी फ्लू
यह सामान्य सर्दी-जुकाम से अधिक गंभीर होता है और किसी भी उम्र के बच्चों को प्रभावित कर सकता है। इसके लक्षणों में तेज बुखार, बदन दर्द, थकान, ठंड लगना, सूखी खांसी और सिरदर्द शामिल हैं।
मौसमी एलर्जी
बदलते मौसम में हवा में धूल के कारण बच्चों को एलर्जी हो जाती है, जिससे सांस लेने में कठिनाई होती है और बच्चे दिनभर परेशान रहते हैं।
गले में संक्रमण
मौसम के बदलाव से बच्चों को ठंडे और गर्म खाने की दिक्कतें होती हैं, जिससे गले में खराश, दर्द और सूजन जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं।
पाचन संबंधी समस्याएं
कभी-कभी गलत खान-पान के कारण पेट में संक्रमण हो जाता है, जिससे पेट में दर्द, दस्त और उल्टी की समस्या हो सकती है।
बच्चों का ख्याल कैसे रखें
- मौसम में बदलाव के कारण बच्चों को फुल स्लीव्स के कपड़े पहनाएं। शाम के समय ठंड होने पर डबल लेयर पहनाना उचित है।
- संक्रमण से बचने के लिए बच्चों को हाथ धोने की आदत डालें, खासकर खाने से पहले, शौचालय जाने के बाद और खांसने या छींकने के बाद।
- बच्चों की नींद पूरी होना बहुत जरूरी है। प्री-स्कूल के बच्चों को 10-13 घंटे, स्कूली बच्चों को 9-12 घंटे और किशोरों को 8-10 घंटे की नींद लेनी चाहिए।
- बच्चों की इम्यूनिटी को मजबूत रखने के लिए उन्हें ताजे फल, सब्जियां, साबुत अनाज, लीन प्रोटीन और हेल्दी फैट्स दें।
- समय पर टीके लगवाने से बच्चों को गंभीर संक्रमणों और मौसमी फ्लू से सुरक्षा मिलेगी।
- आउटडोर खेल, साइकिल चलाना और सैर जैसी गतिविधियां भी जरूरी हैं। इससे शरीर सक्रिय रहता है और बच्चों को पर्याप्त पानी पिलाना न भूलें।