मनसुख मांडविया ने विश्व खेल पत्रकार दिवस पर खेल पत्रकारों को दी शुभकामनाएं
खेल पत्रकारों की मेहनत की सराहना
नई दिल्ली: केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने 'विश्व खेल पत्रकार' दिवस के अवसर पर सभी खेल पत्रकारों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि खेल पत्रकारों की मेहनत और समर्पण भारत के खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाते रहेंगे।
खेल मंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा, "खेल पत्रकार भारत के खेल क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ये केवल मैचों की रिपोर्टिंग नहीं करते, बल्कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों को उजागर करते हैं, नए प्रतिभाओं को पहचान दिलाते हैं और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हैं। 'विश्व खेल पत्रकार' दिवस पर मैं सभी खेल पत्रकारों को शुभकामनाएं देता हूं। आपकी मेहनत और ईमानदारी भारतीय खेल व्यवस्था को और मजबूत बनाती है।"
मनसुख मांडविया अक्सर विभिन्न खेल आयोजनों में खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए नजर आते हैं। सरकार द्वारा देशभर में फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए हर रविवार 'संडे ऑफ साइकिल' इवेंट का आयोजन किया जाता है, जिसमें खेल मंत्री कई बार भाग लेते हैं। हाल ही में, उन्होंने मेंस वॉलीबॉल कप में ऐतिहासिक ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली टीम को सम्मानित किया था।
उन्होंने कहा, "यह मेडल ऐतिहासिक है, लेकिन यह केवल शुरुआत होनी चाहिए। हर उपलब्धि नई जिम्मेदारियों और उम्मीदों के साथ आती है। सरकार की हर नीति और प्रयास का उद्देश्य हमारे एथलीटों को उनकी पूरी क्षमता का एहसास कराना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन में मदद करना है।"
इससे पहले, खेल मंत्री ने भुवनेश्वर में आयोजित 65वीं नेशनल इंटर-स्टेट चैंपियनशिप में भारतीय एथलीटों के प्रदर्शन की सराहना की थी। उन्होंने नया नेशनल रिकॉर्ड बनाने पर सर्वेश अनिल कुशारे को बधाई दी थी और इसे भारतीय एथलेटिक्स के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया था।