मिर्गी से पीड़ित महिलाओं के लिए गर्भधारण की सावधानियाँ
गर्भधारण से पहले की आवश्यकताएँ
लाइफस्टाइल डेस्क, लखनऊ। हर महिला के लिए मातृत्व एक अनमोल अनुभव होता है। लेकिन यदि किसी महिला को मिर्गी (Epilepsy) की समस्या है, तो गर्भधारण की योजना बनाते समय कुछ महत्वपूर्ण सावधानियाँ बरतनी चाहिए। अक्सर महिलाओं के मन में यह सवाल उठता है कि क्या मिर्गी के साथ गर्भधारण करना सुरक्षित है? क्या इसकी दवाएं गर्भ में पल रहे बच्चे को नुकसान पहुँचा सकती हैं?
विशेषज्ञों के अनुसार, मिर्गी से ग्रस्त अधिकांश महिलाएं उचित चिकित्सा और डॉक्टरों की देखरेख में स्वस्थ बच्चे को जन्म दे सकती हैं। फिर भी, गर्भावस्था के दौरान मिर्गी के दौरे आना मां और बच्चे दोनों के लिए खतरा पैदा कर सकता है। इस दौरान महिला के गिरने, चोट लगने और गंभीर स्थिति में ऑक्सीजन की कमी का जोखिम होता है।
कौन-सी दवाएं हो सकती हैं हानिकारक?
मिर्गी के उपचार में प्रयुक्त कुछ दवाएं गर्भ में पल रहे बच्चे के विकास को प्रभावित कर सकती हैं। इनमें सोडियम वैल्प्रोएट (Sodium Valproate) यानी Valproic Acid सबसे चिंताजनक है। गर्भावस्था में इसके सेवन से बच्चे में जन्मजात विकृतियों और न्यूरल ट्यूब डिफेक्ट का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा, बच्चे के मानसिक और शारीरिक विकास पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। टोपिरामेट के उपयोग से भी बच्चे के कम वजन के साथ जन्म लेने का खतरा बढ़ सकता है। वहीं, लैमोट्रिजिन (Lamotrigine) और लेवेतिरासेटम (Levetiracetam) जैसी दवाएं गर्भावस्था में अपेक्षाकृत सुरक्षित मानी जाती हैं। हालांकि, कौन-सी दवा उपयुक्त होगी, इसका निर्णय डॉक्टर मरीज की स्थिति और चिकित्सा इतिहास के आधार पर करते हैं।
गर्भधारण से पहले ध्यान देने योग्य बातें:
1. गर्भधारण से पहले न्यूरोलॉजिस्ट और स्त्री रोग विशेषज्ञ से परामर्श करें।
2. अपनी मिर्गी की दवाओं और उनकी खुराक की समीक्षा करवाएं।
3. अमेरिकन एकेडमी ऑफ न्यूरोलॉजी (AAN) की 2024 गाइडलाइन के अनुसार, गर्भधारण की योजना बना रही मिर्गी से पीड़ित महिलाओं को रोजाना कम से कम 0.4 mg फोलिक एसिड लेने की सलाह दी जाती है।
4. गर्भधारण से पहले दौरे नियंत्रित करना आवश्यक है।
5. गर्भावस्था के दौरान मां और बच्चे के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करवाएं।
क्या गर्भावस्था में दवा बंद कर देनी चाहिए?
इसका उत्तर है नहीं। गर्भावस्था की पुष्टि होते ही मिर्गी की दवा को अचानक बंद करना अत्यंत खतरनाक हो सकता है। इससे गंभीर दौरे पड़ने का खतरा बढ़ सकता है। दवा में कोई भी परिवर्तन केवल डॉक्टर की सलाह पर ही करें।