सर्दियों में बच्चों की सेहत: स्मॉग और प्रदूषण से बचाव के उपाय
सर्दियों में प्रदूषण का बच्चों पर प्रभाव
दिल्ली-NCR में सर्दियों की शुरुआत के साथ स्मॉग और वायु प्रदूषण बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन जाते हैं। हवा में मौजूद PM 2.5 और PM10 जैसे सूक्ष्म कण फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं। चूंकि बच्चों के फेफड़े अभी विकसित हो रहे हैं, वे वयस्कों की तुलना में अधिक हवा लेते हैं, जिससे प्रदूषण का प्रभाव उन पर अधिक पड़ सकता है।
अस्थमा, एलर्जी या अन्य सांस संबंधी समस्याओं से ग्रस्त बच्चों के लिए यह स्थिति और भी जोखिम भरी हो जाती है। इसलिए, बच्चों की सेहत का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। इस विषय पर हमने दिल्ली के पंजाबी बाग में स्थित क्लाउडनाइन अस्पताल के सीनियर पीडियाट्रिशियन डॉक्टर अभिषेक चोपड़ा से चर्चा की।
स्मॉग से बच्चों को होने वाली समस्याएं
स्मॉग में मौजूद प्रदूषक आंखों, नाक, गले और श्वसन तंत्र में जलन पैदा कर सकते हैं। इससे बच्चों को खांसी, गले में खराश, नाक बहने या बंद होने और सांस लेने में कठिनाई हो सकती है। कुछ बच्चों को सिरदर्द, थकान और सामान्य से अधिक सुस्ती भी महसूस हो सकती है।
प्रदूषण अस्थमा के मरीजों में अटैक की संभावना बढ़ा सकता है और पहले से मौजूद एलर्जी या श्वसन संक्रमण के लक्षणों को गंभीर बना सकता है। लंबे समय तक प्रदूषित हवा के संपर्क में रहने से फेफड़ों के विकास और उनकी कार्यक्षमता पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। छोटे बच्चे अपनी समस्याओं को स्पष्ट रूप से नहीं बता पाते, इसलिए माता-पिता को उनकी सांस लेने की गति, खेलकूद में रुचि और सामान्य गतिविधियों पर ध्यान देना चाहिए।
प्रदूषण के लक्षण
प्रदूषण के कारण दिखाई देने वाले लक्षणों में शामिल हैं: आंखों में जलन, लालिमा या पानी आना; बार-बार छींक आना, नाक बहना या बंद होना; सूखी खांसी, गले में खराश या आवाज में बदलाव; सांस फूलना, सीने में जकड़न या सांस लेते समय सीटी जैसी आवाज आना; सिरदर्द, थकान और सुस्ती; दौड़ने या खेलने के दौरान जल्दी थक जाना।
हालांकि, ये लक्षण केवल प्रदूषण के कारण नहीं होते, बल्कि वायरल संक्रमण और एलर्जी भी इनकी वजह हो सकते हैं। यदि खांसी लगातार बनी रहे, रात में बढ़े या बच्चे की शारीरिक गतिविधियों पर असर डालने लगे, तो बाल रोग विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए।
कब डॉक्टर से संपर्क करें?
यदि बच्चे को सांस लेने में बहुत कठिनाई हो, पसलियां अंदर खिंचती दिखाई दें, होंठ नीले पड़ें, बच्चा असामान्य रूप से सुस्त हो जाए या बोलने में कठिनाई हो, तो तुरंत चिकित्सा सहायता लें।
स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए सावधानियां
स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए प्रदूषण से बचाव केवल घर तक सीमित नहीं होना चाहिए। स्कूल आने-जाने, खेलकूद और छुट्टी के समय भी सावधानियां जरूरी हैं।
AQI पर नजर रखें: रोजाना अपने क्षेत्र का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) देखें। हवा की गुणवत्ता खराब होने पर बच्चों के बाहरी संपर्क और शारीरिक मेहनत को कम करें।
आउटडोर एक्टिविटीज कम करें: जब प्रदूषण का स्तर बहुत खराब हो, तो दौड़ना, फुटबॉल खेलना, पीटी और अन्य फिजिकल एक्टिविटीज खुले में न कराएं। स्कूल से अपील करें कि ऐसी गतिविधियों को घर के अंदर या कम प्रदूषित समय पर कराई जाएं।
स्कूल प्रबंधन से बात करें: पूछें कि प्रदूषण बढ़ने पर स्कूल क्या कदम उठाता है। खराब AQI के दौरान बाहर की असेंबली, खेलकूद और लंबी आउटडोर एक्टिविटी को सीमित किया जाना चाहिए।
मास्क का सही इस्तेमाल: यदि बाहर जाना आवश्यक हो, तो उम्र के अनुसार सही फिटिंग वाला N95 मास्क सूक्ष्म कणों के संपर्क को कम करने में मदद कर सकता है। मास्क बच्चे के चेहरे पर ठीक से फिट होना चाहिए। छोटे बच्चों, खासकर दो साल से कम उम्र के बच्चों, को मास्क पहनाने के बजाय प्रदूषण से दूर रखना अधिक उचित है।
बच्चों के खानपान में बदलाव
प्रदूषण से बचने के लिए विशेष आहार की आवश्यकता नहीं होती। बच्चों को संतुलित और पौष्टिक आहार देना चाहिए ताकि उनकी इम्यूनिटी मजबूत रहे।
- विटामिन C: आंवला, अमरूद, संतरा, मौसमी और अन्य मौसमी फल दें।
- विटामिन A और अन्य पोषक तत्व: गाजर, शकरकंद, पालक और दूसरी हरी सब्जियां शामिल करें।
- प्रोटीन: दालें, दूध, दही, पनीर, अंडे और अन्य प्रोटीन वाली चीजें बच्चे की उम्र और खानपान के अनुसार दें।
- पर्याप्त पानी: बच्चों को नियमित रूप से पानी पिलाएं। सूप और अन्य पौष्टिक ड्रिंक्स भी दे सकते हैं।
- संतुलित भोजन: साबुत अनाज, फल, सब्जियां और हेल्दी फैट्स को रोजाना के आहार का हिस्सा बनाएं।
बच्चों को जबरदस्ती सप्लीमेंट, हर्बल काढ़े या डिटॉक्स ड्रिंक्स देने से बचें। यदि विटामिन या अन्य सप्लीमेंट की जरूरत हो, तो डॉक्टर की सलाह लें।
एयर प्यूरिफायर का उपयोग
घर के अंदर वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए सही एयर प्यूरीफायर उपयोगी हो सकता है। HEPA फिल्टर वाले उपकरण हवा में मौजूद PM2.5 जैसे सूक्ष्म कणों को कम करने में मदद करते हैं। खासकर बच्चे के बेडरूम में इसका उपयोग लाभकारी हो सकता है।
प्यूरीफायर खरीदते समय कमरे के आकार के अनुसार उसकी क्लीन एयर डिलीवरी रेट (CADR) देखें। फिल्टर की नियमित सफाई या समय पर बदलाव जरूरी है। ओजोन उत्पन्न करने वाले उपकरणों से बचना चाहिए।
प्रदूषण अधिक होने पर बाहर की हवा का प्रवेश कम करने के लिए खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें, लेकिन घर के अंदर खाना पकाने के धुएं और अन्य प्रदूषकों को भी नियंत्रित करें। जब बाहर की हवा बेहतर हो, तब उचित वेंटिलेशन करें।