सर्दियों में सेहतमंद रागी सूप बनाने की आसान विधि
सर्दियों के लिए एक बेहतरीन सूप
नई दिल्ली: सर्दियों में शाम या रात के खाने के समय कुछ गर्म और सेहतमंद पीने का मन करता है। ऐसे में रागी का सूप एक उत्कृष्ट और स्वास्थ्यवर्धक विकल्प है। यदि आप सर्दियों में भारी भोजन से बचना चाहते हैं, तो सूप एक आदर्श विकल्प है। रागी, जो कैल्शियम, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर है, न केवल हड्डियों को मजबूत बनाता है बल्कि खून की कमी को भी दूर करता है। इसके नियमित सेवन से त्वचा में कसावट और गालों पर गुलाबी निखार भी आता है। यदि आपको लगता है कि रागी का स्वाद साधारण है, तो इसे सब्जियों और मसालों के साथ मिलाकर बेहद स्वादिष्ट बनाया जा सकता है। आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने का सरल तरीका।
आवश्यक सामग्री
2-3 बड़े चम्मच रागी का आटा, आधा कप बारीक कटी सब्जियां (जैसे गाजर, मटर, बीन्स और कॉर्न), 1 छोटा चम्मच अदरक का पेस्ट, 1 छोटा चम्मच मक्खन या देसी घी, आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच जीरा पाउडर, 2-2.5 गिलास पानी या वेजिटेबल स्टॉक, और स्वादानुसार नमक। गार्निशिंग के लिए बारीक कटा हरा धनिया या हरा प्याज भी रखें।
बनाने की विधि
पहले एक छोटी कटोरी में 2-3 चम्मच रागी का आटा लें और आधा कप ठंडा पानी मिलाकर एक चिकना घोल तैयार करें। इसे एक तरफ रख दें। अब एक पैन या कढ़ाई में 1 छोटा चम्मच मक्खन या देसी घी गरम करें। इसमें बारीक कटा लहसुन, अदरक और अपनी पसंद की सब्जियां डालकर 2 मिनट तक मध्यम आंच पर भूनें।
सब्जियों को ज्यादा पकाना नहीं है, हल्का क्रंची रखना है। अब इसमें 2 गिलास पानी, नमक और काली मिर्च पाउडर डालकर सब्जियों को 3-4 मिनट तक पकने दें, ताकि वे थोड़ी सॉफ्ट हो जाएं। फिर आंच धीमी करके तैयार किया हुआ रागी का घोल धीरे-धीरे सूप में डालें और लगातार करछी से चलाते रहें, ताकि गांठें न पड़ें।
यह इस रेसिपी का सबसे महत्वपूर्ण चरण है। सूप में उबाल आने दें और धीमी आंच पर 3-5 मिनट तक पकाएं, जब तक सूप हल्का गाढ़ा और चमकदार न हो जाए। ऊपर से भुना जीरा और हरा धनिया डालकर गरमा-गरम रागी सूप बाउल में निकालें और इसके अद्भुत स्वाद का आनंद लें। यह सूप बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए फायदेमंद है।