हॉस्टल जीवन में छात्रों की मानसिक स्वास्थ्य चुनौतियाँ
छात्रों की नई चुनौतियाँ
भारत में, लाखों छात्र उच्च शिक्षा के लिए अपने घरों से दूर रहकर पढ़ाई करते हैं। ये छात्र हॉस्टल और पीजी में रहते हैं, जहाँ उन्हें अपने सभी कार्य स्वयं करने होते हैं। घर से दूर रहना हर छात्र के लिए एक नई चुनौती होती है, क्योंकि यहाँ परिवार के सदस्य या माता-पिता नहीं होते जो उनकी देखभाल करें। इसके साथ ही, पढ़ाई का दबाव, घर की याद, नई जगह पर खुद को ढालना और अन्य कई समस्याएँ छात्रों की मानसिक स्वास्थ्य पर असर डालती हैं।
साक्षी मनचंदा का अनुभव
इस विषय को समझने के लिए, हमने राजीव गांधी गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट आयुर्वेदिक कॉलेज, पपरोला के BAMS हॉस्टल में रहने वाली छात्रा साक्षी मनचंदा से बातचीत की। साक्षी ने बताया कि तनाव, घर की याद और परीक्षा का दबाव हॉस्टल जीवन के सबसे बड़े चैलेंज हैं। मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी मानते हैं कि घर से दूर रहना और शैक्षणिक दबाव छात्रों की मानसिक स्थिति को प्रभावित कर सकता है।
खाने की कमी
छात्रों का कहना है कि हॉस्टल में पौष्टिक और अच्छा खाना न मिलने के कारण उन्हें कई बार कमजोरी और थकान महसूस होती है। इसका असर उनकी पढ़ाई और दैनिक जीवन पर भी पड़ता है। उनका मानना है कि यदि खाना अच्छा और पौष्टिक होगा, तो वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहकर पढ़ाई पर बेहतर ध्यान दे सकेंगे।
अकेलापन
घर पर, छात्र अपने परिवार के सदस्यों से अपनी बातें साझा कर सकते हैं, लेकिन हॉस्टल में ऐसा कोई नहीं होता जो उन्हें अपनापन महसूस कराए। दोस्त बनाने की कोशिश करते हैं, लेकिन वे उनकी बातों को माता-पिता की तरह नहीं समझ पाते। परिवार से बात करने का समय भी सीमित होता है।
मोबाइल फोन का अत्यधिक उपयोग
हॉस्टल में, छात्रों का मन न लगने के कारण वे खाली समय में मोबाइल फोन का अधिक उपयोग करते हैं। लंबे समय तक मोबाइल चलाने से उनकी नींद प्रभावित होती है, पढ़ाई में ध्यान कम लगता है, और कई बार थकान भी महसूस होती है।
खर्च की चिंता
छात्रों ने बताया कि फीस, हॉस्टल खर्च और अन्य आवश्यकताओं के लिए बार-बार घर से पैसे मांगना उन्हें अच्छा नहीं लगता। इस कारण, वे कम पैसे खर्चने की कोशिश करते हैं, जिससे उनकी आवश्यकताएँ पूरी नहीं हो पातीं और मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
परिवार का समर्थन
हॉस्टल में रहने के दौरान, परिवार वाले हमेशा अपने बच्चों का हौसला बढ़ाते हैं, लेकिन वे हर समय उनसे बात नहीं कर पाते। इस स्थिति में, छात्रों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है, जिससे वे तनाव महसूस करते हैं और इसका असर उनकी मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है।