PNB में लोकल बैंक ऑफिसर के 545 पदों पर भर्ती, आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी
PNB में नौकरी का सुनहरा अवसर
नई दिल्ली: बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने की चाह रखने वाले युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना आई है। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने राज्यवार लोकल बैंक ऑफिसर (एलबीओ) के लिए 545 पदों पर भर्ती हेतु एक आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है।
इन 545 रिक्तियों में विभिन्न राज्यों के लिए पद निर्धारित किए गए हैं, जैसे आंध्र प्रदेश में 4, गुजरात में 77, कर्नाटक में 78, महाराष्ट्र में 67, तेलंगाना में 41, तमिलनाडु में 51, पश्चिम बंगाल में 80, जम्मू एवं कश्मीर में 9, लद्दाख में 2, अरुणाचल प्रदेश में 4, असम में 85, मणिपुर में 6, मेघालय में 8, मिजोरम में 5, नगालैंड में 5, सिक्किम में 5 और त्रिपुरा में 18 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 जुलाई से शुरू हो चुकी थी, और पहले की अंतिम तिथि 9 अगस्त थी, जिसे अब बढ़ाकर 16 अगस्त कर दिया गया है। इच्छुक उम्मीदवार अब पीएनबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नई तिथि तक आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ ही, उन्हें उस राज्य की स्थानीय भाषा में कुशलता (पढ़ने, लिखने और बोलने में) होनी आवश्यक है, जिसके लिए वे आवेदन कर रहे हैं।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 1 जुलाई के अनुसार की जाएगी। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन लिखित परीक्षा, स्क्रीनिंग, स्थानीय भाषा दक्षता परीक्षा (एलएलपीटी) और व्यक्तिगत साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को 48,480 से 85,920 रुपए तक का मासिक वेतन मिलेगा, साथ ही अन्य भत्ते और सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 1,180 रुपए और एससी/एसटी/ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लिए 59 रुपए है।