SBI में नई भर्तियों का ऐलान, 12,000 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू
नई भर्तियों की तैयारी
नई दिल्ली: बैंकिंग क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण और राहत भरी सूचना आई है। भारत के सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में नई नियुक्तियों का रास्ता साफ हो गया है। बैंक के चेयरमैन सीएस सेट्ठी ने बताया है कि चालू वित्त वर्ष के अंत तक क्लर्क और ऑफिसर कैडर में लगभग 11,000 से 12,000 नए कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। इन पदों की संख्या में बदलाव भी संभव है, जो बैंक की आवश्यकता और आगामी रिटायरमेंट के आधार पर होगा.
नई शाखाओं के साथ बढ़ेगी मैनपावर की जरूरत
एसबीआई केवल रिक्त पदों को भरने की दिशा में नहीं है, बल्कि अपने बैंकिंग नेटवर्क का तेजी से विस्तार भी कर रहा है। बैंक प्रबंधन वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान देशभर में लगभग 200 से 250 नई शाखाएं खोलने की योजना बना रहा है। छोटे और बड़े शहरों के साथ-साथ नए विकसित आवासीय क्षेत्रों और उभरते वाणिज्यिक केंद्रों तक पहुंच बनाने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की आवश्यकता होगी, जिससे यह भर्ती अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण बन जाता है.
पिछले वर्ष की भर्तियों का रिकॉर्ड
एसबीआई की हालिया वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, बैंक में कार्यरत कर्मचारियों की संख्या अब 2.45 लाख से अधिक हो चुकी है। पिछले वर्ष 2025-26 में बैंक ने 25,633 पदों पर नियुक्तियां की थीं, जिसमें 4,640 अधिकारी, 19,340 क्लर्क (एसोसिएट्स) और 1,653 संविदा कर्मचारी शामिल थे। इसके अलावा, 1,500 आईटी विशेषज्ञों को भी टीम में शामिल किया गया था। इस बार 12,000 नई भर्तियों की घोषणा से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं में उत्साह का संचार हुआ है.