लौकी के छिलकों से बनाएं स्वादिष्ट कबाब, दिवाली पर मेहमानों के लिए खास
दिवाली के लिए खास स्नैक्स
दिवाली का त्योहार आते ही हर घर में मेहमानों का आना-जाना शुरू हो जाता है। यदि इस बार आपके घर में मेहमान आ रहे हैं, तो चाय के साथ कुछ चटपटा और स्वादिष्ट स्नैक्स पेश करना न भूलें। आमतौर पर, समोसे, पकौड़े या टिक्की जैसे स्नैक्स बनाए जाते हैं।
लौकी के छिलकों से कबाब बनाने की विधि
इस बार कुछ नया ट्राई करने का मन है? तो लौकी के छिलकों से कबाब बनाना एक बेहतरीन विकल्प है। अक्सर लौकी के छिलके फेंक दिए जाते हैं, लेकिन इन्हें कबाब में बदलकर आप एक अनोखा स्वाद प्राप्त कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी रेसिपी।
सामग्री
लौकी के छिलके- 1 कप
उबले हुए आलू- 2
बेसन- 2 से 3 बड़े चम्मच
बारीक कटा हुआ प्याज- 1
हरी मिर्च- 1 से 2
अदरक- थोड़ा सा
हरा धनिया- 2 बड़े चम्मच
लाल मिर्च पाउडर- आधा छोटा चम्मच
धनिया पाउडर- आधा छोटा चम्मच
गरम मसाला- आधा छोटा चम्मच
नमक- स्वादानुसार
तेल- कबाब सेंकने के लिए
बनाने की विधि
- सबसे पहले लौकी के छिलकों को अच्छे से धो लें और बारीक काट लें। आप चाहें तो इन्हें मिक्सर में दरदरा पीस सकते हैं, लेकिन ध्यान रखें कि पेस्ट न बने।
- एक पैन में थोड़ा पानी डालकर कटे हुए छिलकों को कुछ मिनट तक पकाएं। जब ये नरम हो जाएं, तो गैस बंद कर दें और पानी निकालकर ठंडा होने दें।
- एक बड़े बर्तन में उबले हुए आलू को मैश करें और इसमें पके हुए लौकी के छिलके, प्याज, हरी मिर्च, अदरक और हरा धनिया डालें। फिर नमक, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और गरम मसाला मिलाएं।
- अब इसमें बेसन डालकर अच्छे से मिक्स करें। यदि मिश्रण बहुत नरम है, तो थोड़ा और बेसन मिला सकते हैं।
- हाथों पर तेल लगाकर छोटे-छोटे कबाब बनाएं। इन्हें गोल या ओवल शेप में तैयार करें।
- एक तवा गर्म करें, उस पर थोड़ा तेल डालें और कबाब को सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें। ध्यान रखें कि कबाब टूटें नहीं।
- तैयार कबाब को हरी चटनी या इमली की चटनी के साथ परोसें।