हरियाणा में मौसम का बदलाव: महेंद्रगढ़ की रातें ठंडी, प्रदूषण बढ़ा
सुबह-शाम की धुंध से तापमान में गिरावट
हरियाणा मौसम अपडेट, चंडीगढ़: ठंड ने हरियाणा में दस्तक दे दी है। सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास होने लगा है, जबकि दिन में धूप के कारण गर्मी बनी रहती है। आंकड़ों के अनुसार, महेंद्रगढ़ में रात का तापमान शिमला के समान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। धुंध के कारण तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है। मौसम विभाग ने 30 अक्टूबर से 2 नवंबर तक मौसम में बदलाव की संभावना जताई है।
भिवानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स खतरनाक स्तर पर
हरियाणा में मौसम के बदलाव के साथ प्रदूषण भी तेजी से बढ़ा है। चार जिलों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) खतरनाक श्रेणी में पहुंच गया है। भिवानी का AQI 488, चरखी दादरी का 396, फरीदाबाद का 399 और धौरेरा का 376 रिकॉर्ड किया गया है। 24 घंटे पहले पंचकूला में AQI 334 तक पहुंच गया था।
2 नवंबर को बादल छाने की संभावना
1 नवंबर को हरियाणा में ठंडी हवाएं चलेंगी। सुबह का तापमान लगभग 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि दिन में यह 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दिन आसमान साफ रहेगा, लेकिन 2 नवंबर को मौसम में बदलाव की संभावना है। इस दिन बादल छाने की संभावना है और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। 3 नवंबर को हल्की बारिश के संकेत मिल सकते हैं, जिसमें बारिश की संभावना 30 प्रतिशत तक हो सकती है।