CBSE 12वीं परीक्षा में गड़बड़ियों पर राहुल गांधी का तीखा हमला
सीबीएसई परीक्षा में विसंगतियों पर सियासी हलचल
सीबीएसई परीक्षा में गड़बड़ियाँ: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 12वीं कक्षा की परीक्षाओं के मूल्यांकन और परिणामों में गड़बड़ियों के चलते राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। इस मुद्दे पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव सहित कई विपक्षी नेता सरकार को घेरने में जुटे हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वे इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहे हैं। वहीं, राहुल गांधी ने प्रधान की टिप्पणी का जवाब देते हुए पलटवार किया है।
राहुल गांधी ने एक्स पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री की टिप्पणी का जवाब देते हुए लिखा, "धर्मेंद्र प्रधान जी, आप मुझ पर जितना भी हमला करें, इससे आप अपने अपराधों से नहीं बच सकते। यह मुझे 18.5 लाख बच्चों के लिए जवाब मांगने से भी नहीं रोक सकता। CBSE का OSM कॉन्ट्रैक्ट COEMPT को क्यों दिया गया, जो पहले से ही विवादों में है? यह किसके आदेश पर हुआ? बैकग्राउंड चेक क्यों नहीं किया गया? COEMPT के प्रबंधन और मोदी सरकार के बीच क्या संबंध है?" उन्होंने आगे कहा कि अगर प्रधानमंत्री सच में चिंतित होते, तो उन्हें पहले ही मंत्री को पद से हटा देना चाहिए था।
Dharmendra Pradhan ji, you can attack me all you want but it won’t absolve you of your crimes. Nor will it stop me from demanding answers for 18.5 lakh children.
Why was the CBSE OSM contract handed to COEMPT – a company already mired in controversy under its old name,… https://t.co/Xy8MbBTnTL
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 28, 2026
इससे पहले, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पत्रकारों से बातचीत में CBSE परीक्षाओं में कथित विसंगतियों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "CBSE ने इस मामले पर अपना जवाब दिया था। यह भारत सरकार की खरीद नीति के अनुरूप है। मैं सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि यदि कोई अनियमितता पाई जाती है, तो किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।" उन्होंने राहुल गांधी की टिप्पणियों का जवाब देते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि वे चुनावी हार के कारण हताश हैं।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, "मैं इस मुद्दे पर सरकार की ओर से जिम्मेदारी लेता हूं। यह राजनीति करने का समय नहीं है। हमें छात्रों के मानसिक तनाव को और बढ़ाने से बचना चाहिए।"
राहुल गांधी ने बुधवार को लोकसभा में CBSE 12वीं की परीक्षाओं में गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने कहा कि इस "भयंकर हेर-फेर" के कारण लाखों छात्र और उनके माता-पिता मानसिक तनाव में हैं।