CM रेखा गुप्ता का योग दिवस पर असोला भाटी में विशेष कार्यक्रम
योग और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
प्रकृति की गोद में योग, पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का भी संदेश देंगी CM रेखा गुप्ता
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रयासों से विश्वव्यापी बना अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
अभयारण्य में पौधारोपण, ग्रीनरी और जैव विविधता संरक्षण कार्यों का भी निरीक्षण करेंगी मुख्यमंत्री
नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता 21 जून, रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दक्षिण दिल्ली के असोला भाटी वाइल्डलाइफ सेंचुरी में एक विशेष योग कार्यक्रम में भाग लेंगी। इस कार्यक्रम का आयोजन नीली झील के पास, हरियाली से घिरे क्षेत्र में किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री स्वयं योगाभ्यास करेंगी और नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगी।
इस विशेष आयोजन में पर्यावरण मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, पर्यावरण विशेषज्ञ, गणमान्य नागरिक और स्थानीय निवासी भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से योग, पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली का सामूहिक संदेश दिया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने आज पूरी दुनिया को स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवन का मार्ग दिखाया है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का विज्ञान है। वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली में योग व्यक्ति को मानसिक शांति, ऊर्जा और आत्मविश्वास प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी प्रयासों के कारण संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी। आज विश्व के सैकड़ों देशों में करोड़ों लोग इस दिन योग कर भारत की इस महान परंपरा का सम्मान कर रहे हैं। यह हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है कि भारत की सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक स्तर पर स्वीकार्यता मिली है। दिल्ली सरकार स्वस्थ नागरिक, स्वच्छ पर्यावरण और हरित दिल्ली के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन असोला भाटी वाइल्ड लाइफ सेंचुरी जैसे महत्वपूर्ण पारिस्थितिक क्षेत्र में किया जा रहा है।
योग कार्यक्रम के बाद, मुख्यमंत्री सेंचुरी परिसर में विकसित भारत नर्सरी का निरीक्षण करेंगी। इस दौरान वह वहां उगाए जा रहे विभिन्न देशी वृक्षों, पौधों तथा जैव विविधता संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों की समीक्षा करेंगी। मुख्यमंत्री नर्सरी में तैयार किए जा रहे पौधों की गुणवत्ता, संरक्षण व्यवस्था और हरित क्षेत्र के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी अवलोकन करेंगी। इसके बाद, मुख्यमंत्री असोला क्षेत्र और दक्षिणी रिज के विभिन्न हिस्सों में चल रहे पौधारोपण अभियान का निरीक्षण करेंगी तथा दिल्ली को अधिक हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगी।
अरावली पर्वतमाला के महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में विकसित असोला भाटी वाइल्ड लाइफ सेंचुरी अपनी प्राकृतिक सुंदरता, नीली झील, घने वन क्षेत्र और समृद्ध जैव विविधता के लिए जानी जाती है। यहां विभिन्न प्रकार के वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास है। सेंचुरी में तेंदुआ, सांभर, हिरण, साही, भेड़िया, नीलगाय, बंदर सहित अनेक वन्य प्रजातियां निवास करती हैं। मुख्यमंत्री को आशा है कि निरीक्षण के दौरान उन्हें इस समृद्ध वन्यजीव संसार की झलक भी देखने को मिलेगी।