FBI निदेशक काश पटेल और एलेक्सिस विल्किन्स ने की सगाई
काश पटेल और एलेक्सिस विल्किन्स की सगाई
वाशिंगटन: अमेरिकी जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) के निदेशक काश पटेल और उनकी लंबे समय से प्रेमिका, कंट्री सिंगर और राजनीतिक टिप्पणीकार एलेक्सिस विल्किन्स ने सगाई कर ली है। दोनों ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप से आगे बढ़ाने की जानकारी दी। विल्किन्स ने काश पटेल के साथ एक खूबसूरत तस्वीर साझा करते हुए अपनी नई डायमंड रिंग दिखाई और मजाकिया अंदाज में लिखा—‘वेंट एंड गॉट द लॉ इन्वॉल्व्ड’ (Went and got the law involved)।
2023 से एक-दूसरे को कर रहे थे डेट
काश पटेल और एलेक्सिस विल्किन्स ने 2023 से एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया था। दोनों के बीच उम्र का अंतर लगभग 18 वर्ष है। फरवरी 2025 में, जब काश पटेल ने आधिकारिक तौर पर FBI निदेशक के रूप में शपथ ली थी, उस समय विल्किन्स उनके साथ मंच पर मौजूद थीं। एक इंटरव्यू में, विल्किन्स ने बताया कि उनका रिश्ता काश पटेल के FBI प्रमुख बनने से पहले शुरू हुआ था, और उस समय उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि पटेल इस उच्च पद तक पहुंचेंगे।
Went and got the law involved
@Kash_Patel https://t.co/OjZmOOrVg7 — Alexis Wilkins (@AlexisWilkins) October 4, 2026
एलेक्सिस विल्किन्स: एक संगीनी और राजनीतिक विश्लेषक
एलेक्सिस विल्किन्स एक प्रसिद्ध कंट्री सिंगर, गीतकार और राजनीतिक विश्लेषक हैं। उन्होंने अपने बचपन का कुछ समय इंग्लैंड और स्विट्जरलैंड में बिताया, लेकिन उनका अधिकांश लालन-पालन अमेरिका के अर्कांसस में हुआ। एक पॉडकास्ट में, उन्होंने कहा कि हालांकि उन्हें यूरोप में रहना पसंद था, लेकिन दिल से अर्कांसस उनकी सबसे पसंदीदा जगह है।
बेलमोंट यूनिवर्सिटी से शिक्षा
विल्किन्स ने 2020 में नैशविल की बेलमोंट यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में ग्रेजुएशन किया। अपनी पढ़ाई के दौरान, वे विश्वविद्यालय की एथिक्स डिबेट टीम का हिस्सा थीं और उन्हें 'विलियम्स-मरे राइटिंग अवॉर्ड' और 'इकोनॉमिक्स क्रिटिकल थिंकिंग अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया।
संगीत और राजनीति में सक्रियता
विल्किन्स लंबे समय से एक रिकॉर्डिंग आर्टिस्ट और परफॉर्मर के रूप में काम कर रही हैं। अप्रैल 2023 में, उन्होंने अपना डेब्यू ईपी एल्बम 'ग्रिट' रिलीज किया। इसके साथ ही, वे अमेरिकी रूढ़िवादी राजनीति में भी सक्रिय हैं और कई संगठनों से जुड़ी हुई हैं।
पहली मुलाकात का किस्सा
अपने रिश्ते की शुरुआत के बारे में बात करते हुए, विल्किन्स ने बताया कि उनकी पहली मुलाकात नैशविल में एक साझा मित्र के घर पर हुई थी। काश पटेल की स्पष्टवादिता और ईमानदारी ने उन्हें पहली नजर में प्रभावित किया। इसके अलावा, देशप्रेम और राष्ट्रीय मुद्दों पर उनके विचारों की समानता ने उनके रिश्ते को और मजबूत किया।