FBI ने गोल्डी बराड़ को मोस्ट वांटेड सूची में शामिल किया, गिरफ्तारी पर 8 करोड़ रुपये का इनाम
गोल्डी बराड़ पर FBI की कार्रवाई
वॉशिंगटन: भारत और कनाडा में कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांटेड गैंगस्टर गोल्डी बराड़ पर अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने शिकंजा कस दिया है। एजेंसी ने सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को अपनी 'टेन मोस्ट वांटेड फ्यूजिटिव्स' सूची में शामिल किया है। उसकी गिरफ्तारी में मददगार साबित होने वाली जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 लाख डॉलर यानी करीब 8 करोड़ रुपये से अधिक का इनाम देने की घोषणा की गई है। गोल्डी बराड़ को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के आपराधिक नेटवर्क का उत्तरी अमेरिका में प्रमुख संचालक बताया गया है।
FBI के अनुसार, बिश्नोई गैंग पर अमेरिका और कनाडा में हत्या, अपहरण, रंगदारी, नशीले पदार्थों की तस्करी और हथियारों से जुड़े अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं। अमेरिकी एजेंसी गोल्डी बराड़ को आपराधिक साजिश, रंगदारी के जरिए कारोबार चलाने और नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में तलाश रही है। FBI के लॉस एंजिलिस फील्ड ऑफिस के अधिकारी पैट्रिक ग्रैंडी ने उसे खतरनाक अपराधी बताते हुए कहा कि उसकी गिरफ्तारी एजेंसी की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
अमेरिकी अभियोग पत्र के मुताबिक, गोल्डी बराड़ लॉरेंस बिश्नोई के भरोसेमंद सहयोगियों में से एक रहा है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि बिश्नोई भारत की जेल में रहते हुए मोबाइल फोन और इंटरनेट के माध्यम से आपराधिक गतिविधियों को संचालित करता था। अलग-अलग देशों में इस नेटवर्क को चलाने की जिम्मेदारी गोल्डी बराड़ समेत उसके अन्य सहयोगियों को सौंपी गई थी।
अभियोग पत्र में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे में 18 जून, 2023 को एक प्रमुख सिख धार्मिक और राजनीतिक शख्सियत की हत्या का भी जिक्र किया गया है। अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि इस हत्या का आदेश लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ ने दिया था। हालांकि, ये आरोप हैं और मामले में न्यायिक प्रक्रिया जारी है।