FSSAI ने अखबार में खाना परोसने पर लगाई रोक, स्वास्थ्य को खतरा
सड़क किनारे खाने की आदतें बदलें
मुंबई: यदि आप सड़क किनारे ठेले या फूड स्टॉल से अखबार में लिपटे गरमा-गरम वड़ा-पाव, समोसा, कचौड़ी या चाट का आनंद लेते हैं, तो आपको अपनी इस आदत में तुरंत बदलाव करना होगा। यह लापरवाही आपको गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का शिकार बना सकती है। इस मुद्दे पर ध्यान देते हुए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने देशभर में सख्ती बरतने का निर्णय लिया है। FSSAI ने सभी खाद्य विक्रेताओं, रेस्तरां मालिकों, स्ट्रीट फूड वेंडर्स और फूड बिजनेस ऑपरेटरों के लिए एक सख्त गाइडलाइन जारी की है, जिसके तहत खाने-पीने की चीजों को अखबार में पैक करने या परोसने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
मुंबई में कार्रवाई के बाद आया निर्णय
FSSAI का यह कठोर निर्णय हाल ही में मुंबई में एक बड़े औचक निरीक्षण के बाद लिया गया। दरअसल, एक प्रसिद्ध वड़ा-पाव विक्रेता को ग्राहकों को खुलेआम अखबार में खाना परोसते हुए पकड़ा गया था। इसके बाद FSSAI की पश्चिमी क्षेत्र की टीम और मुंबई नगर निगम (BMC) ने मिलकर उस दुकान पर छापेमारी की और सख्त कार्रवाई की। इस कार्रवाई के बाद, FSSAI ने पूरे देश के लिए गाइडलाइन जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि जो भी विक्रेता इस आदेश का उल्लंघन करेगा, उसके लाइसेंस को रद्द किया जाएगा और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नए नियम का दायरा
FSSAI ने बताया है कि यह नया नियम सभी प्रकार के खाद्य विक्रेताओं पर लागू होगा। इसमें स्ट्रीट फूड विक्रेता, रेस्तरां, क्लाउड किचन, कैटरर्स, क्विक सर्विस रेस्टोरेंट, फूड स्टॉल, किराना और मिठाई की दुकानों के साथ-साथ मोबाइल फूड वेंडर भी शामिल हैं। अब किसी को भी खाद्य सामग्री पैक करने के लिए अखबार या मैगजीन के पन्नों का उपयोग करने की अनुमति नहीं होगी।
अखबार में खाना क्यों है हानिकारक?
FSSAI ने अखबार में खाना पैक करने या परोसने पर रोक लगाने के पीछे गंभीर कारण बताए हैं। इसके वैज्ञानिकों और डॉक्टरों के अनुसार, अखबारों की छपाई में उपयोग की जाने वाली स्याही स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक होती है। इस स्याही में कई प्रकार के हानिकारक रसायन, सिंथेटिक रंग, पिगमेंट और 'सीसा' जैसी घातक भारी धातुएं शामिल होती हैं। जब गर्म और तैलीय खाना अखबार पर रखा जाता है, तो गर्मी के कारण स्याही पिघलकर खाने में मिल जाती है। लंबे समय तक ऐसे दूषित भोजन का सेवन करने से कैंसर, पेट की गंभीर बीमारियां और लिवर-किडनी की समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है।