IPL 2026: BCCI की नई सुरक्षा गाइडलाइन, खिलाड़ियों की सुरक्षा पर जोर
IPL 2026 के लिए नई सुरक्षा एडवाइजरी
IPL 2026: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के दौरान सभी फ्रेंचाइजियों के लिए एक नई सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। बोर्ड अब खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा को लेकर पहले से अधिक सतर्क है। इस कारण होटल में बाहरी व्यक्तियों की एंट्री और खिलाड़ियों से व्यक्तिगत मुलाकातों पर कड़े नियम लागू किए गए हैं। देवजीत सैकिया द्वारा सभी फ्रेंचाइजियों को भेजे गए निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि बिना अनुमति कोई भी गेस्ट खिलाड़ियों या सपोर्ट स्टाफ के होटल रूम में नहीं जा सकेगा।
यह निर्णय कुछ ऐसे मामलों के प्रकाश में आने के बाद लिया गया है, जहां खिलाड़ियों से मिलने आए व्यक्तियों की जानकारी टीम मैनेजर तक नहीं पहुंची थी। नई गाइडलाइन के अनुसार, किसी भी खिलाड़ी या सपोर्ट स्टाफ से मिलने वाले व्यक्ति को पहले टीम मैनेजर से मंजूरी लेनी होगी। यदि कोई विजिटर होटल रूम में जाना चाहता है, तो उसके लिए लिखित अनुमति आवश्यक होगी। बिना मंजूरी किसी भी बाहरी व्यक्ति को निजी कमरे में जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
BCCI ने यह भी स्पष्ट किया है कि खिलाड़ियों से मिलने वाले मेहमान केवल होटल की सार्वजनिक जगहों जैसे लॉबी, कैफे या रिसेप्शन एरिया में ही मिल सकेंगे। बोर्ड का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि टीम के अंदर आने-जाने वाले सभी व्यक्तियों का रिकॉर्ड रखा जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत ध्यान दिया जा सके। एडवाइजरी में हनीट्रैप और सुरक्षा खतरों पर विशेष ध्यान दिया गया है। बोर्ड ने फ्रेंचाइजियों को चेतावनी दी है कि इस हाई-प्रोफाइल टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों को टारगेट करने की कोशिशें हो सकती हैं।
BCCI ने कहा कि कुछ लोग खिलाड़ियों या स्टाफ को फंसाकर निजी जानकारी हासिल करने, विवाद खड़ा करने या कानूनी संकट उत्पन्न करने का प्रयास कर सकते हैं। बोर्ड ने यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोपों की आशंका का भी उल्लेख किया है और कहा है कि छोटी सी लापरवाही भी बड़े विवाद में बदल सकती है। इसलिए सभी टीम मैनेजरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे होटल मूवमेंट और विजिटर्स की पूरी निगरानी रखें।
BCCI की IPL ऑपरेशंस टीम समय-समय पर यह जांच करेगी कि फ्रेंचाइजियां इन नियमों का पालन कर रही हैं या नहीं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट में खिलाड़ियों की लोकप्रियता और लगातार सार्वजनिक मौजूदगी को देखते हुए BCCI अब किसी भी संभावित खतरे से पहले ही सतर्क रहना चाहता है। यही कारण है कि इस बार सुरक्षा और निजी गतिविधियों को लेकर पहले से कहीं अधिक सख्ती बरती जा रही है।