IPL 2026 के प्लेऑफ शेड्यूल की घोषणा, फाइनल अहमदाबाद में होगा
IPL 2026 के प्लेऑफ का शेड्यूल
नई दिल्ली - भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन के प्लेऑफ का कार्यक्रम और स्थान बुधवार को सार्वजनिक किया। फाइनल मैच अहमदाबाद में आयोजित किया जाएगा।
पहला क्वालीफायर 26 मई को धर्मशाला में खेला जाएगा, जिसमें अंकतालिका की शीर्ष दो टीमें आमने-सामने होंगी। इसके बाद, न्यू चंडीगढ़ के न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 27 मई को तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच एलिमिनेटर मुकाबला होगा। 29 मई को इसी स्थान पर क्वालीफायर 2 का आयोजन होगा, जिसमें एलिमिनेटर की विजेता और क्वालीफायर 1 में हारने वाली टीमें भिड़ेंगी। इस मैच के परिणाम से आईपीएल 2026 का दूसरा फाइनलिस्ट तय होगा। फाइनल 31 मई को नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में खेला जाएगा, जो दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है।
बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर बताया कि कुछ ऑपरेशनल और लॉजिस्टिक कारणों से इस सीजन का प्लेऑफ और फाइनल तीन अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। पहले, फाइनल बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होना था, लेकिन स्थानीय एसोसिएशन और अधिकारियों की मांगों के कारण इसे अहमदाबाद स्थानांतरित किया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ राजनीतिक कारणों से भी बेंगलुरु को प्लेऑफ या फाइनल की मेज़बानी नहीं दी गई है।
गौरतलब है कि आईपीएल के मौजूदा सीजन में कुल 74 मैच खेले जाएंगे, और अंतिम लीग मैच 24 मई को होगा। इस दिन दो मैच होंगे; पहला मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में, और दूसरा केकेआर और दिल्ली कैपिटल्स के बीच कोलकाता के ईडन गार्डेंस में। इन मैचों के बाद शीर्ष चार टीमों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।