NASA का जीरो-ग्रेविटी इंडिकेटर 'राइज' कनाडियन स्पेस एजेंसी में पहुंचा
राइज का विशेष दौरा
नई दिल्ली: नासा के आर्टेमिस II मिशन का जीरो-ग्रेविटी इंडिकेटर और आधिकारिक मैस्कॉट 'राइज' अब कनाडियन स्पेस एजेंसी (सीएसए) के मुख्यालय में मौजूद है। सीएसए ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर 'राइज' के दौरे का कार्यक्रम भी बताया।
सीएसए ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर 'राइज' के विशेष वीआईपी टूर का वीडियो साझा करते हुए इसे टीम का एक महत्वपूर्ण सदस्य बताया। एजेंसी ने लिखा, “यह एक ऐसा वीआईपी टूर है, जैसा कोई और नहीं!” आर्टेमिस II मिशन के सफल समापन के बाद, 'राइज' क्रू सदस्यों के साथ कनाडा की यात्रा पर निकला। सीएसए मुख्यालय में इसका स्वागत धूमधाम से किया गया।
'राइज' ने अपने दौरे की शुरुआत मुख्य द्वार से की, जहां उसने कनाडा आर्म 2 रोबोटिक आर्म के मॉडल की सराहना की। इसके बाद, उसने रोबोटिक्स मिशन कंट्रोल रूम और अंतरिक्ष यात्रियों के प्रशिक्षण केंद्र का दौरा किया। प्रशिक्षण जिम में पहुंचकर, 'राइज' ने हल्का-फुल्का वर्कआउट भी किया। दिन के अंत में, यह छोटा सा मैस्कॉट लाइब्रेरी में पहुंचा, जहां उसे नई प्रेरणा मिली।
गौरतलब है कि 'राइज' एक जीरो-ग्रेविटी इंडिकेटर है, जिसे अंतरिक्ष यात्री अपने कैप्सूल के साथ ले जाते हैं। यह संकेत देता है कि कब स्पेसक्राफ्ट पृथ्वी की गुरुत्वाकर्षण से बाहर निकलकर अंतरिक्ष में पहुंच गया है। जब 'राइज' हवा में तैरने लगता है, तो यह दर्शाता है कि शून्य गुरुत्वाकर्षण की स्थिति शुरू हो गई है। यह केवल एक खिलौना नहीं है; इसके अंदर एक एसडी कार्ड है, जिसमें 56,47,889 लोगों के नाम दर्ज हैं, जो 'सेंड योर नेम विद आर्टेमिस' अभियान के तहत एकत्रित किए गए थे।
'राइज' का डिजाइन कैलिफोर्निया के 8 वर्षीय छात्र लुकास ने तैयार किया था। नासा के 'मून मैस्कॉट डिजाइन चैलेंज' में 50 से अधिक देशों से 2,600 से ज्यादा प्रविष्टियाँ आई थीं, जिनमें से लुकास का डिजाइन चुना गया। यह डिजाइन अपोलो-8 मिशन के 'अर्थराइज' को समर्पित है। 'राइज' को नासा के गॉडर्ड स्पेस फ्लाइट सेंटर में विशेष रूप से तैयार किया गया है, और यह बहुत हल्का और मुलायम है, ताकि आसानी से अंतरिक्ष में तैर सके।
आर्टेमिस II मिशन के चारों अंतरिक्ष यात्री रीड वाइजमैन, विक्टर ग्लोवर, क्रिस्टीना कोच और जेरेमी हैनसेन 'राइज' को चंद्रमा की यात्रा पर अपने साथ ले गए थे।