×

सूरत: श्री माधव गौशाला के मेगा रक्तदान शिविर में 1,230 यूनिट रक्त संग्रह, बना नया कीर्तिमान

 




सूरत, 02 अगस्त (हि.स.)। सांस्कृतिक रक्षा समिति संचालित श्री माधव गौशाला, उधना में रविवार को आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में 1,230 यूनिट रक्त संग्रह कर मानव सेवा का नया कीर्तिमान स्थापित किया गया। आयोजकों के अनुसार यह शहर में आयोजित रक्तदान शिविरों की उल्लेखनीय उपलब्धियों में से एक है।

संस्था के अध्यक्ष आशीष सूर्यवंशी ने बताया कि इस रक्तदान शिविर की सफलता के लिए पिछले दो माह से उधना, पांडेसरा, बमरोली, लिम्बायत, भेस्तान और डिंडोली सहित विभिन्न क्षेत्रों के 400 से अधिक गौसेवकों ने घर-घर जाकर लोगों से व्यक्तिगत संपर्क किया और उन्हें रक्तदान के लिए प्रेरित किया। इसी व्यापक जनसंपर्क और समाज के सहयोग से 1,230 यूनिट रक्त एकत्रित हो सका।

उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों से श्री माधव गौशाला का रक्तदान शिविर सूरत शहर के प्रमुख रक्तदान आयोजनों में शामिल रहा है। इस वर्ष भी रक्तदाताओं का उत्साह देखते हुए एक बार फिर शहर में प्रथम स्थान प्राप्त होने की उम्मीद है।

रक्तदान से पहले सभी रक्तदाताओं ने गौशाला परिसर स्थित श्री सोमेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। इसके बाद गौमाता का पूजन कर मानव सेवा के इस महायज्ञ में भाग लिया। कार्यक्रम में गौसेवा, देवसेवा और मानव सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला।

शिविर में विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, स्थानीय विधायक, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, नगरसेवक, सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।

अंत में अध्यक्ष आशीष सूर्यवंशी ने सभी रक्तदाताओं, गौसेवकों, विभिन्न ब्लड बैंकों, सेवाभावी कार्यकर्ताओं, दानदाताओं, मीडिया प्रतिनिधियों तथा प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, रक्तदान महादान है। रक्त की एक यूनिट किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकती है। समाज की यही सेवा भावना हमारी सबसे बड़ी ताकत है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे