×

दरिया हिल: अरुणाचल प्रदेश का पौराणिक स्थल, जहां 34 वर्षों बाद गिरी थी बर्फ, भगवान परशुराम से है नाता

 




ईटानगर से सटे पहाड़ों में विकसित हो रहा नया ट्रेकिंग स्थल

कोलकाता, 26 फरवरी (हि.स.) । अरुणाचल प्रदेश में स्थित दरिया हिल अपनी प्राकृतिक सुंदरता और पौराणिक महत्व के कारण एक अनूठा स्थान है। भारतीय सेना के पूर्वी कमान मुख्यालय विजय दुर्ग की ओर से एक्स पर किए गए पोस्ट में बताया गया है कि समुद्र तल से 1377 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह पहाड़ी क्षेत्र वर्षों से अपनी हरी-भरी घाटियों और शांत वातावरण के लिए प्रसिद्ध है। वर्ष 2022 में इस क्षेत्र ने लगभग 34 वर्षों बाद बर्फबारी का अद्भुत नज़ारा देखा, जिसने इसकी खूबसूरती को और बढ़ा दिया।

दरअसल दरिया हिल ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व भी रखता है। 11वीं शताब्दी में यह क्षेत्र अहोम साम्राज्य के अधीन 'मयापुर' के नाम से जाना जाता था। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसे भगवान परशुराम का दिव्य स्थल माना जाता है, जिससे यह आध्यात्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण हो जाता है। अब इस क्षेत्र को एक नए ट्रेकिंग स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य न केवल साहसिक खेलों को बढ़ावा देना है, बल्कि इस ऐतिहासिक स्थल को पर्यटकों के लिए और अधिक आकर्षक बनाना भी है। दरिया हिल अपनी शांत और सुरम्य प्राकृतिक छटा के कारण पर्यटकों के लिए एक आदर्श स्थान बनता जा रहा है। इंडियन आर्मी के प्रयासों से यह क्षेत्र पर्यटन मानचित्र पर तेजी से उभर रहा है, जिससे यहां की सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहरों को भी बढ़ावा मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर