×

कोरबा के किसान अमर सिंह कंवर ने अपनाई नैनो उर्वरक तकनीक, कम लागत में बढ़ा धान उत्पादन

 




कोरबा, 14 जुलाई (हि. स.)। छत्तीसगढ़ सरकार किसानों को आधुनिक, टिकाऊ और लाभकारी कृषि पद्धतियों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देते हुए किसानों को नैनो उर्वरकों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसका सकारात्मक असर अब किसानों की खेती और आय दोनों पर दिखाई देने लगा है। कोरबा जिले के किसान भी इस नई तकनीक को अपनाकर कम लागत में अधिक उत्पादन हासिल कर रहे हैं।

इसी कड़ी में कोरबा जिले के ग्राम अमगांव निवासी किसान अमर सिंह कंवर नैनो उर्वरकों के सफल उपयोग का उदाहरण बनकर सामने आए हैं। करीब दो एकड़ भूमि में धान की खेती करने वाले अमर सिंह कंवर वर्षों से पारंपरिक खेती करते रहे हैं, लेकिन पिछले वर्ष उन्होंने पहली बार अपनी फसल में नैनो उर्वरकों का प्रयोग किया। बेहतर परिणाम मिलने के बाद इस वर्ष भी उन्होंने नैनो उर्वरकों के उपयोग का निर्णय लिया और सहकारी समिति कनबेरी से समय पर आवश्यक खाद, बीज एवं कृषि आदान सामग्री प्राप्त की।

किसान अमर सिंह कंवर का कहना है कि नैनो उर्वरकों के उपयोग से खेती की लागत में उल्लेखनीय कमी आई है, जबकि धान का उत्पादन पहले की तुलना में बेहतर हुआ है। इसके अलावा उर्वरकों की बर्बादी भी कम हुई है, जिससे खेती अधिक वैज्ञानिक और पर्यावरण अनुकूल बन रही है। उनका मानना है कि आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने से खेती न केवल आसान हुई है, बल्कि किसानों को आर्थिक रूप से भी लाभ मिल रहा है।

उन्होंने सहकारी समितियों की व्यवस्थाओं की भी सराहना करते हुए बताया कि किसानों को जरूरत के अनुसार खाद, बीज और अन्य कृषि सामग्री समय पर उपलब्ध कराई जा रही है। समितियों में पर्याप्त भंडारण व्यवस्था होने के कारण किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। इससे खेती के महत्वपूर्ण समय में आवश्यक संसाधन आसानी से मिल जाते हैं और उत्पादन प्रभावित नहीं होता।

अमर सिंह कंवर ने किसानों के हित में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की किसान हितैषी योजनाओं और समय पर उपलब्ध कराई जा रही कृषि आदान सामग्री से किसानों का आधुनिक खेती की ओर विश्वास बढ़ा है।

कृषि विभाग के अनुसार, नैनो उर्वरकों का बढ़ता उपयोग किसानों के लिए कई मायनों में लाभकारी साबित हो रहा है। इससे कम लागत में बेहतर उत्पादन, संतुलित पोषण, उर्वरकों का कुशल उपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है। राज्य सरकार की पहल से कोरबा जिले के किसान आधुनिक तकनीकों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी