'मंजुला सरोवर' का लोकार्पण, केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल बोले- पानी की हर बूंद महत्वपूर्ण
भावनगर, 17 जुलाई (हि.स.)। गुजरात के भावनगर जिले के सिहोर तहसील स्थित बुधणा गांव में गिरगंगा परिवार ट्रस्ट द्वारा निर्मित भव्य 'मंजुला सरोवर' का लोकार्पण एवं जल वंदन महोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। अग्रणी उद्योगपति अनुभाई तेजाणी के विशेष सहयोग से निर्मित इस जल संरक्षण परियोजना का उद्घाटन केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने किया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने कहा, पानी की एक-एक बूंद अनमोल है, क्योंकि हर बूंद में एक जिंदगी बसती है। उन्होंने जल संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए समाज से अधिक से अधिक जल संचय और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान गुजरात सरकार के सिहोर वन विभाग की ओर से 'वन कवच' एवं वृक्षारोपण योजना का भी भूमि पूजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य जल संरक्षण के साथ-साथ हरित आवरण बढ़ाकर पर्यावरण संतुलन को मजबूत करना है।
समारोह में मंत्री कौशिकभाई वेकरिया, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रमेशभाई धडुक, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्रसिंह सरवैया, भाजपा भावनगर जिला अध्यक्ष दिग्विजयसिंह गोहिल, उद्योगपति अनुभाई तेजाणी, समाजसेवी एवं उद्योगपति लवजीभाई बादशाह, जीवराजभाई धारूकवाला, रघुभाई हुंबल तथा सिहोर वन विभाग के आरएफओ मुकेशभाई वाघेला सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन गिरगंगा परिवार ट्रस्ट और बुधणा ग्राम परिवार के संयुक्त प्रयास से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, पर्यावरण प्रेमियों और जल संरक्षण से जुड़े लोगों ने भाग लिया। आयोजन के दौरान जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे