बलरामपुर : कच्चे मकान से पक्के आशियाने तक, जनमन योजना ने बदली एक परिवार की जिंदगी
बलरामपुर, 02 जनवरी (हि.स.)। ग्रामीण इलाकों में पक्का घर केवल ईंट और छत नहीं होता, बल्कि वह सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व का प्रतीक होता है। राजपुर विकासखंड के एक छोटे से गांव में ऐसा ही सपना हकीकत में तब बदला, जब सरकारी योजना ने वर्षों की मजबूरी को स्थायी राहत में बदल दिया।
विकासखंड राजपुर की ग्राम पंचायत पतरापारा निवासी चुमेश्वर लंबे समय तक कच्चे मकान में जीवन गुजारने को मजबूर थे। बरसात में टपकती छत, सर्द मौसम की ठिठुरन और गर्मी की तपिश उनके परिवार के लिए रोजमर्रा की चुनौती बनी रहती थी। सीमित आय और संसाधनों के कारण पक्का घर बनाना उनके लिए केवल एक अधूरा सपना था।
वर्ष 2023 24 में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत उन्हें आवास स्वीकृत हुआ। स्वीकृति के बाद समय पर आर्थिक सहायता और निर्माण सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे मकान का निर्माण बिना रुकावट पूरा हो सका। आज चुमेश्वर अपने परिवार के साथ सुरक्षित और मजबूत पक्के घर में रह रहे हैं। अपने नए घर को देखकर वे भावुक हो उठते हैं। उनका कहना है कि यह मकान केवल दीवारों और छत का ढांचा नहीं, बल्कि जीवन की सबसे बड़ी खुशी है। इसके लिए वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार प्रकट करते हैं।
प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना का उद्देश्य ग्रामीण और जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित पक्का आवास उपलब्ध कराना है। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को आर्थिक सहयोग दिया जाता है, ताकि वे स्वयं अपना घर बना सकें और सम्मानजनक व सुरक्षित जीवन की ओर कदम बढ़ा सकें। पतरापारा का यह उदाहरण बताता है कि सही समय पर मिली सहायता कैसे एक परिवार की पूरी जीवन दिशा बदल सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय