आत्मनिर्भरता की मिसाल : मिलेट बेकरी ने बदली भीमताल की पांच महिलाओं की जिंदगी
नैनीताल, 03 जून (हि.स.)। नैनीताल जनपद के भीमताल विकासखंड के भीमेश्वर ग्राम संगठन से जुड़ी पांच महिलाओं ने आत्मविश्वास, मेहनत और सरकारी योजनाओं के सहयोग से आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिखी है। कभी केवल घरेलू जिम्मेदारियों तक सीमित रहने वाली ये महिलाएं आज पहाड़ के मोटे अनाजों के आटे से बिस्किट बनाकर सफल उद्यमी के रूप में पहचान बना रही हैं।
उद्यमी महिला अनीता प्रकाश ने बताया कि सीमित आय और संसाधनों के बीच स्वयं का व्यवसाय स्थापित करना उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत प्राप्त 7 लाख रुपये के ऋण ने उनके सपनों को नई उड़ान दी। इस आर्थिक सहयोग से महिलाओं ने भीमताल विकास भवन परिसर में “मिलेट बेकरी ग्रोथ सेंटर” की स्थापना की। आज यह बेकरी न केवल उनकी आय का सशक्त माध्यम बन चुका है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में भी योगदान दे रहा है। केंद्र के माध्यम से तीन अन्य लोगों को भी रोजगार मिला है।
वर्तमान में समूह प्रतिमाह लगभग 60 हजार रुपये की आय अर्जित कर रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और आत्मविश्वास में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। महिलाओं की यह सफलता आत्मनिर्भर भारत अभियान, महिला सशक्तीकरण और मोटे अनाज (मिलेट) आधारित उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरी है। यह पहल दर्शाती है कि सरकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ और दृढ़ इच्छाशक्ति किसी भी सपने को वास्तविकता में बदल सकती है।
यह सफलता केवल पांच महिलाओं की उपलब्धि नहीं, बल्कि उन सभी महिलाओं के लिए प्रेरणा है जो अपने सपनों को साकार कर आत्मनिर्भर बनने का संकल्प रखती हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी