अनोखी कलाकृति : सूरत के कारीगर ने कबाड़ से बनाई मिनी मेट्रो
सूरत, 30 जुलाई (हि.स.)। सूरत के ऑटो-रिक्शा वेल्डिंग कारीगर शाकिर अब्दुल गनी ने अपनी रचनात्मकता और हुनर का अनोखा उदाहरण पेश करते हुए कबाड़ से आकर्षक मिनी मेट्रो का मॉडल तैयार किया है। महज 200 रुपये में खरीदे गए पुराने फ्रिज की लोहे की चादर का उपयोग कर उन्होंने करीब ढाई महीने की मेहनत से यह मॉडल बनाया है। सूरत मेट्रो के वास्तविक डिजाइन पर आधारित इस मॉडल में लाइटिंग, एसी फैन, अलार्म, ऑटो-स्टॉप जैसी कई आधुनिक सुविधाएं भी शामिल की गई हैं, जिससे यह लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया है।
शाकिर पिछले 18 वर्षों से कबाड़ और बेकार वस्तुओं से नई-नई कलाकृतियां बनाने का शौक रखते हैं। सूरत मेट्रो का आधिकारिक डिजाइन सामने आने के बाद उन्होंने उसकी तस्वीरों का बारीकी से अध्ययन किया और हर छोटे-बड़े हिस्से को ध्यान में रखते हुए यह मॉडल तैयार किया। इसमें मेट्रो के वास्तविक रंगों के साथ हैंडब्रेक, इंटीरियर, जंपर तथा चप्पल के सोल से बनाए गए पहियों जैसी बारीक और अनोखी कारीगरी देखने को मिलती है।
शाकिर की यह अनूठी कलाकृति सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। मॉडल देखने के लिए उनके घर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। शाकिर का कहना है कि लोगों का प्यार और प्रोत्साहन ही उनके लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है और कई लोग उन्हें मजाकिया अंदाज में कल का सुपरस्टार भी कह रहे हैं।
उन्होंने बताया कि उनका अगला प्रोजेक्ट सूरत के अठवा पुलिस स्टेशन की जीप का मॉडल तैयार करना है। मॉडल बनने के बाद वह इसे पुलिस विभाग को उपहार स्वरूप भेंट करना चाहते हैं। शाकिर की यह पहल यह साबित करती है कि प्रतिभा और जुनून के बल पर कबाड़ भी एक अद्भुत कलाकृति का रूप ले सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे