विश्वकर्मा पूजा को लेकर बाजार में बढ़ी चहल-पहल, पूजन सामग्रियों की खरीदारी को उमड़ी भीड़
सुपौल, 16 सितंबर (हि.स.)। विश्वकर्मा पूजा को लेकर शहर के बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। पूजा की तैयारियों को लेकर बुधवार को विभिन्न बाजारों में पूजन सामग्री, फूल-माला, फल, मिठाई, सजावटी सामान सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ देखी गई। खासकर पूजा पंडालों और प्रतिष्ठानों में होने वाली पूजा को लेकर दुकानदारों एवं कारीगरों में विशेष उत्साह नजर आया।
विश्वकर्मा पूजा को लेकर सुबह से ही बाजार में खरीदारों की आवाजाही बढ़ी रही। लोगों ने पूजा के लिए केले, नारियल, अगरबत्ती, धूप, कपूर, रोली, अक्षत, फूल-माला, प्रसाद सहित अन्य सामग्री की खरीदारी की। वहीं, वाहन एवं मशीनरी से जुड़े प्रतिष्ठानों, वर्कशॉप, गैरेज और औद्योगिक संस्थानों में भी पूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं। पूजन सामग्री के साथ सजावट के सामान की भी मांग बढ़ी है। दुकानों पर रंग-बिरंगी झालर, फूलों की माला और अन्य सजावटी सामग्री की बिक्री होती रही। बाजार में भीड़ बढ़ने के कारण कई प्रमुख सड़कों और चौक-चौराहों पर कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ।
दुकानदारों ने बताया कि विश्वकर्मा पूजा के एक-दो दिन पहले से ही पूजन सामग्री की बिक्री बढ़ जाती है। पूजा को लेकर लोगों में उत्साह रहने से बाजार में अच्छी खरीदारी हो रही है। वहीं, वाहन और मशीनरी से जुड़े कारोबारियों तथा कारीगरों द्वारा अपने प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई और सजावट का काम भी अंतिम चरण में पहुंच गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र