×

इस साल आम का उत्पादन अच्छी होने की संभावना : रमन चंद्र

 




सुपौल, 08 मार्च (हि.स.)। जिले में इस वर्ष आम की फसल अच्छी होने की संभावना जताई जा रही है। स्थानीय आम उत्पादक रमन चंद्र ने बताया कि इस बार मौसम की स्थिति अब तक आम के पेड़ों के लिए काफी अनुकूल रही है, जिससे बागानों में अच्छी मात्रा में मंजर फूल दिखाई दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि आगे भी मौसम सामान्य बना रहा और तेज आंधी-बारिश या रोग-कीट का प्रकोप नहीं हुआ, तो इस साल किसानों को आम की अच्छी पैदावार मिल सकती है। किसानों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में मौसम के उतार-चढ़ाव के कारण आम की फसल प्रभावित हुई थी, लेकिन इस बार शुरुआत अच्छी है।

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार आम की अच्छी पैदावार के लिए 15 से 30 डिग्री सेल्सियस तापमान और संतुलित मौसम जरूरी होता है। अत्यधिक गर्मी, तेज हवा या असमय बारिश से मंजर झड़ने की संभावना रहती है, जिससे उत्पादन पर असर पड़ सकता है।

रमन चंद्र ने किसानों से अपील की है कि वे बागानों की नियमित देखभाल करें, समय-समय पर कीटनाशक का छिड़काव करें और सिंचाई का ध्यान रखें, ताकि संभावित नुकसान से बचा जा सके। यदि मौसम अनुकूल रहा तो इस वर्ष आम की पैदावार किसानों के लिए लाभदायक साबित हो सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र