सूरत में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राशन किट और आर्थिक सहायता वितरित
सूरत, 12 जुलाई (हि.स.)। सूरत के लिंबायत क्षेत्र स्थित गीता नगर में बाढ़ प्रभावित परिवारों को विधायक संगीताबेन पाटील ने राशन किट, 6,800 रुपये की नकद सहायता तथा घरेलू उपयोग के सामान के लिए आर्थिक सहायता वितरित की।
राशन किट में पांच-पांच किलो गेहूं और चावल के साथ प्याज व आलू शामिल थे। इस अवसर पर विधायक संगीताबेन पाटील ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं और उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन 24 घंटे कार्य करते हुए नागरिकों को राहत पहुंचाने में जुटा है।
उल्लेखनीय है कि सूरत शहर और ऊपरी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हुई थी। प्रभावित परिवार जल्द सामान्य जीवन शुरू कर सकें, इसके लिए प्रशासन द्वारा तेजी से सर्वे कर बिना देरी सहायता प्रदान की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे