अखिलेश यादव ने '120 बहादुर' फिल्म को टैक्स फ्री करने की उठाई मांग
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष की अपील
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फिल्म '120 बहादुर' को टैक्स मुक्त करने की अपील की है। उनका कहना है कि, इस फिल्म को जो सच्ची घटनाओं पर आधारित है, हर सच्चे देशभक्त को देखना चाहिए और दूसरों को भी इसे देखने के लिए प्रेरित करना चाहिए। इससे नई पीढ़ी को सैनिकों के बलिदान की कहानी से अवगत कराया जा सकेगा। उन्होंने फिल्म से जुड़े सभी लोगों की सराहना की और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि, जो फिल्में किसी छिपे हुए उद्देश्य के लिए बनाई जाती हैं, वे इस फिल्म से भिन्न हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे नकारात्मक सोच वाले लोगों को भी इस सकारात्मक फिल्म को देखना चाहिए।
उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि इस फिल्म को टैक्स फ्री किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसे देख सकें और '120 बहादुरों के शहीद होने की सच्ची घटना' का सकारात्मक संदेश हर नागरिक तक पहुँच सके।